
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / कलेक्टर जनदर्शन में आज पहले दिन कुल 60 आवेदन आए। कलेक्टर ने इन आवेदनों का प्रभावी निराकरण किया। पेंशन न मिलने, कोरोना काल में दिवंगत लोगों द्वारा अनुदान राशि के लिए आवेदन सहित अन्य मांगों को लेकर लोग आए और कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्या सुनने के बाद संबंधित अफसरों को उचित निराकरण करने के निर्देश दिये। मंगलवार को भी जनदर्शन होगा।
80 साल के दुर्ग शहर के निवासी धनीराम साहू की एक पहचान गेड़ी के हुनर की भी है। उन्हें संस्कृति विभाग से पेंशन मिलती है। उन्हें वृद्धावस्था का पेंशन भी प्राप्त होता है। बीते तीन महीनों से किसी कारण से उनके बैंक खाते में पेंशन राशि नहीं आ पा रही थी। कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को मौके पर ही निर्देशित कर तकनीकी दिक्कत दूर करने और राहत देने के निर्देश दिये। साहू ने बताया कि हर महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अपने गेड़ी के साथ उन्होंने शिरकत की है। इस कला से गहरा लगाव होने की वजह से ही उन्हें पेंशन मिल रही है। वृद्धावस्था पेंशन को लेकर भी कई अन्य आवेदन भी जनदर्शन में किये गए।
कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को इन आवेदनों का परीक्षण कर तत्काल राहत देने के निर्देश दिये। ताकि उनके खाते में पेंशन की राशि समय पर पहुंच सके। बोरसी वेस्ट में सड़क और बिजली दुरुस्त करने की माँग करते हुए वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि बोरसी में सड़क की मरम्मत करना जरूरी है। स्ट्रीट लाइट व्यवस्था भी बेहतर करना जरूरी है। जामुल से भी एक वार्ड से इसी तरह का आवेदन आया। मुरमंदा में भी एक आवेदक ने सड़क व स्ट्रीट लाइट की समस्या का निराकरण करने की मांग की गई।
कलेक्टर ने बताया कि निगम व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिये गए हैं कि जिन सड़कों में मरम्मत की जरूरत है, उन्हें चिन्हांकित कर इन्हें दुरूस्त करने के उपाय शुरू किये जाएं। एक आवेदन कोरोना से अपने बेटे को खो चुकी माता ने दिया। कलेक्टर ने उन्हें बताया कि आपका आवेदन ले लिया गया है। आवेदनों पर प्रक्रिया अनुसार कार्रवाई की जा रही है। अनुदान राशि आपके खाते में आ जाएगी। कलेक्टर जनदर्शन में अपने क्षेत्रों में विकास कार्य को लेकर भी नागरिकों ने आवेदन दिया। कलेक्टर ने इन कार्यों के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया। इनमें से कुछ विकास कार्य ऐसे थे जिनकी स्वीकृति प्रक्रियाधीन है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal