Breaking News

भाजपा सांसद किसान हितैषी बनने का ढोंग न करें : किसानों की फिक्र है तो केंद्र से डीजल के दाम कम करने और अनाज का समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग करें – राजेंद्र साहू

  • भाजपा नेता बताएं कि सवा साल में किसानों को बता पाए हैं तीन कृषि कानून के लाभ

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

धान खरीदी के मुद्दे पर भाजपा के प्रदर्शन पर कांग्रेस ने करारा प्रहार किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू ने कहा है कि सांसद विजय बघेल को बताना चाहिए कि उन्होंने बेलौदी से कुरुदडीह तक पदयात्रा के दौरान कितने किसानों की समस्याएं सुनी? कितने किसानों के हित में कोई काम किया? राजेंद्र ने कहा कि भाजपा सांसद सही मायनों में किसानों के हित में काम करके दिखाएं। किसानों के हितैषी बनने का ढोंग न करें।

राजेंद्र ने कहा कि सांसद विजय बघेल समेत प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों को किसानों के प्रति पीड़ा होती तो वे किसानों की समस्याएं सुनते और उनका निराकरण करने का प्रयास भी करते। भाजपा के सभी 11 सांसद (9 लोकसभा सांसद और 2 राज्य सभा सांसद) केंद्र सरकार से धान का समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग क्यों नहीं  करते। अगर किसानों की समस्याएं सुलझाने का जज्बा होता तो वे सीमांत किसानों की तरह सभी किसानों को 6 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की मांग करते। कृषि यंत्रों की सब्सिडी बढ़ाने की मांग के साथ डीजल के रेट कम करने की मांग भी करते।

राजेंद्र ने कहा कि छत्तीसगढ़ में धान का विपुल उत्पादन होता है। अगर भाजपा सांसद  किसानों के हितैषी हैं तो उन्हें धान से बनने वाले चावल की खरीदी सेंट्रल पूल में लेने की मांग करना चाहिए। सेंट्रल पूल में केंद्र द्वारा उसना चावल न लेने की बात कही जा रही है। अगर किसानों की फिक्र है तो इन मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री, कृषि मंत्री और खाद्य मंत्री से मिलकर इन मुद्दों पर किसानों को राहत देने का काम करें।

राजेंद्र ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ हर मामले में संवेदनशीलता से फैसले किए हैं। भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने किसानों के साथ न्याय किया है। राजीव गांधी न्याय योजना के तहत किसानों की कर्ज माफी, किसानों को 9 हजार रुपए प्रति एकड़ भुगतान, सिंचाई रकबा बढ़ाने योजनाओं को मंजूरी देने, नरवा गरूवा घुरुवा बारी योजना से किसानों को आर्थिक लाभ देने जैसी बेमिसाल योजनाएं शुरू की गई हैं। गोधन न्याय योजना और गौठान में कम्पोस्ट खाद व जैविक खाद बनाकर किसानों के हित में फैसले किये जा रहे हैं।

राजेंद्र ने कहा कि सवा साल पहले केंद्र सरकार ने कृषि कानून लागू किया था। उस समय गांव-गांव जाकर कृषि कानूनों का लाभ बताने के दावे भाजपा नेताओं ने किए थे। सांसद विजय बघेल बताएं कि पदयात्रा के दौरान उन्होंने कितने किसानों को कितने लाभ बताए हैं। सवा साल बीतने के बावजूद देश भर के भाजपा नेता किसानों को कृषि कानूनों का लाभ नहीं बता पाए हैं।

राजेंद्र ने कहा कि पिछली रमन सरकार ने किसानों से 21 सौ रुपए और 270 रुपए बोनस देने का वादा किया था। पूरी फसल खरीदने के दावे किए थे। रमन सरकार के  15 साल के कार्यकाल में भाजपा के सारे वादे और दावे धरे रह गए। कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया। किसानों को लगातार 15 साल तक धोखा देते रहे भाजपा नेता अब किसानों को धान खरीदी के मामले में बहकाने का प्रयास न करें। उनके ये प्रयास सफल नहीं होंगे।

Check Also

वोरा ने सरकार से किया सवाल – बच्चे पढ़ें या जान बचाएं ? 

स्कूलों में सुरक्षा और किताबों की कमी पर अरुण वोरा ने सरकार को घेरा THE …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!