
- संभावित दुर्घटना से बचने के लिए सुरक्षा के साधनों का उपयोग करें : ईडी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग/ छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र में कर्मचारियों को दुर्घटना से बचाने के लिये लगातार वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नवागढ़ उपसंभाग कार्यालय के मैदानी अमले को सेफ्टी के टिप्स दिये गए। कार्यपालक निदेशक संजय पटेल ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए काम करने के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि ज्यादातर हादसे कर्मियों की छोटी-छोटी लापरवाही से होते हैं। बचाव के साधनों का पूरा उपयोग कर बिजली से संबंधित कार्य करना चाहिये।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा का मूलमंत्र है कि एक सेफ्टी जोन बनाकर कार्य करें। उन्होंने समस्त तकनीकी कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों और उपायों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिये। ईडी ने कहा कि विद्युत सुरक्षा के बुनियादी सिद्धांतों को समझकर और पालन करके ही विद्युतीय दुर्घटनाएं रोकी जा सकती हैं। थोड़ी से लापरवाही से जान जा सकती है। स्वयं की सुरक्षा हर कर्मचारी की पहली प्राथमिकता होनी चाहिये।
उन्होंने मैदानी अमले को निर्देश देते हुए कहा कि विद्युत कनेक्शन में सहीं अर्थिंग बहुत महत्वपूर्ण है। ये बात सभी उपभोक्ताओं को बताएं और स्वयं भी इसकी जांच करें। हमेशा सुरक्षा उपकरणों के साथ ही कार्य करने के सख्त निर्देश दिये गए। सुरक्षा नोडल अधिकारी अतिरिक्त मुख्य अभियंता एच.के.मेश्राम ने मैदानी अमले को सुरक्षा उपकरणों जैसे सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, दस्ताने, टेस्टर, डिस्चार्ज राड आदि का उपयोग करते हुए कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सुरक्षा उपकरणों की नियमित तौर से जांच करें और खराब होने पर तत्काल बदलें। सुरक्षा उपकरणों के सुरक्षात्मक उपयोग के बारे में विस्तार से बताते हुए कर्मचारियों को यह प्रायोगिक रूप से दिखाया गया कि इसे किस प्रकार उपयोग करना है। कार्यक्रम के दौरान तकनीकी कर्मचारियों द्वारा अपने सुरक्षा संबंधित अनुभव व कार्य के दौरान होने वाली परेशानियों को भी साझा किया गया।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता ए.के.गौराहा ने मैदानी कर्मचारियों के सुरक्षा उपकरणों की जांच करते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। सभी उच्च अधिकारियों ने उपस्थित मैदानी अमले से कहा कि बिजली बिल जमा करने आने वाले उपभोक्ताओं को ऑनलाईन पेमेन्ट या ‘‘मोर बिजली एप’’ के माध्यम से भुगतान करने प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि अपने मोबाइल फोन से गूगल प्ले स्टोर पर इस ऐप को डाऊनलोड कर उपभोक्तागण घर बैठे ही विद्युत संबंधी कार्यो का निपटारा कर सकते है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से “मोर बिजली ऐप” का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की है, ताकि पॉवर कंपनी द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ उन्हें मिल सकें। इस दौरान कार्यपालन अभियंता उमेश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal