
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
रायपुर। स्वयंसेवी संस्था छत्तीसगढ़ जकात फाउंडेशन ने हर साल की तरह इस बार भी “मिशन तालीम” के तहत समारोह का आयोजन कर जरूरतमंद बच्चों को उनके साल भर की फीस छात्रवृत्ति के रूप में दी। इस मौके पर मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने कोरोना वारियर्स और समाज सेवी संगठनों को सम्मानित भी किया।
बच्चों के काम आ रही है लोगों की जकात
मुस्लिम समाज द्वारा रमजान के पवित्र महीने में अपनी आमदनी में से जकात और फितरा का हिस्सा निकाल कर नेक कार्य के लिए दान कर दिया जाता है। इसी जकात की रकम का संग्रह स्वयंसेवी संस्था छत्तीसगढ़ जकात फाउंडेशन द्वारा भी किया जा रहा है। जकात की रकम और समाजसेवकों की मदद से जरूरतमंद बच्चों को छात्रवृत्ति के अलावा रोजगारमूलक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सन 2015 से यह संस्था काम कर रही है और इसको मिलने वाली सहायता साल-दर-साल बढ़ती जा रही।
जकात का ऐसा इस्तेमाल पहली बार देखा – टीएस सिंहदेव
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव ने जकात फाउंडेशन द्वारा सन 2015 से लेकर अब तक किये गए कार्यों को जानने के बाद संस्था की सराहना करते हुए कहा कि वे बचपन से जकात के बारे में सुनते आ रहे हैं, मगर पहली बार जकात का इस तरह सदुपयोग होते हुए देखा। उन्होंने कोरोना काल में भी जकात द्वारा किये गए जनहित के कार्यों की सराहना की।
बढ़ता जा रहा “मिशन तालीम” का दायरा
जकात फाउंडेशन ने अपनी इस मुहिम को “मिशन तालीम” का नाम दिया है। रायपुर से शुरू हुए इस नेक कार्य का दायरा बढ़ते हुए प्रदेश के कई शहरो तक जा पहुंचा है। इस वर्ष यह संस्था प्रदेश के साढ़े चार हजार से अधिक बच्चों को 42 लाख रुपये की छात्रवृत्ति बांटेगी। राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन में आयोजित समारोह में स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव के अलावा महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक, सलाम रिजवी, सलमान इम्तियाज हुसैन सहित कई अन्य अतिथियों की मौजूदगी में राजधानी रायपुर के 280 छात्र-छात्राओं को 27 लाख रुपये की छात्रवृत्ति बांटी गई।
कोरोना वारियर्स का भी किया गया सम्मान
इस मौके पर टीएस सिंहदेव और किरणमयी नायक ने कोरोना काल में मरीजों की निस्वार्थ सेवा करने वाले शहर के डॉक्टरों को भी सम्मानित किया। जरूरतमंदो के लिए लगातार भोजन मुहैया करने वाली संस्था अशरफी टिफिन सर्विस और रेलवे स्टेशन के सामने भोजन बांटने वाली संस्था आवाम ए हिन्द सहित कुछ अन्य संस्थाओ को सम्मानित किया गया। इनमे अरहम रजा नाम का छात्र भी शामिल था जिसने पॉकेट मनी से बचाकर जमा किये गए पैसों के गुल्लक को कोरोना काल में जरूरतमंदों के भोजन बांटने के लिए जकात फाउंडेशन को सौंप दिया था।
महिलाओ को दिया जा रहा है प्रशिक्षण
जकात फाउंडेशन द्वारा उषा कंपनी के साथ मिलकर युवतियों को सिलाई मशीन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा कंप्यूटर कोर्स और अकॉउंटेन्सी का कोर्स भी कराया जा रहा है। इन्हें भी इस मौके पर प्रमाणपत्र बांटा गया। प्रोग्राम में प्रमुख रूप से डॉ. सबा सिद्दीकी, डॉ. अल्ताफ युसूफ मीर, डॉ. आरिफ मेमन, डॉ. शहीद अहमद, डॉ शोएब खान, डॉ अबरार कादरी, डॉ. मोइन खान, डॉ. अंजुम खान, डॉ. शाहिद डॉ. जावेद कुरेशी, डॉ. अनीश मेमन प्रमुख रूप से शामिल थे।
कार्यक्रम का संचालन सैयद अकील ने किया। छत्तीसगढ़ जकात फाउंडेशन के कार्यों के बारे में सैयद इनामुल ने विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का समापन अकरम सिद्दीकी ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अब्दुल कादिर, यूनुस खान, एम डब्लू आई खान, हाशिम खान, असलम रोकड़िया, फ़जल संजरी, इमरान खान, हकीम अंसारी, जुनैद हुसैन, भिलाला वेद, अशफाक, अमजद आदि लोग मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal