• 1 मार्च को महाशिवरात्रि पर्व और 2 मार्च को उर्स पाक पर चादरपोशी करने निकलेगा जुलूस
  • प्रशासन और आयोजन समिति ने बातचीत कर सर्वसम्मति से बनाया नया रूटचार्ट
  • महाशिवरात्रि  पर्व पर 1 मार्च को भव्य बारात और शिव गौरी विवाह आयोजन और 2 मार्च को उर्स पाक पर चादरपोशी करने जुलूस निकलेगा
  • कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने आयोजन समिति व समाज प्रमुखों के अलावा जिला शांति समिति की बैठक लेकर की शांति की अपील

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

कवर्धा / आगामी एक मार्च को महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित भव्य बारात एवं शिव गौरी विवाह आयोजन और 2 मार्च को उर्स पाक पर आयोजित होने वाले चादर जुलूस के संबंध में आज जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में संयुक्त रूप से आयोजित बैठक में शांतिपूर्ण आयोजन करने की अपील की। बैठक में जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य, आयोजन समिति के सदस्य, समाज के वरिष्ठजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर, डीएसपी मोनिका परिहार, तहसीलदार मनीष वर्मा, थाना प्रभारी सहित वरिष्ठ अधिकारी व समाज प्रमुख उपस्थित थे।
कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने शांति समिति की बैठक में 1 मार्च को महाशिवरात्रि पर्व पर होने वाले बारात एवं शिव गौरी विवाह और 2 मार्च को उर्स पाक पर आयोजित चादर जुलूस को लेकर चर्चा करते हुए दोनों आयोजन समिति के प्रमुख जनों से आयोजन की रूपरेखा और रूटचार्ट की विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने दोंनों आयोजन के संबंध में निर्धारित तिथियों में शांतिपूर्ण व आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

कलेक्टर ने महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित शिव गौरी विवाह के बारात व शोभायात्रा के रूटचार्ट में बदलाव किया है। इसके लिए सभी आयोजक तैयार हो गए। आयोजकों को किसी भी प्रकार के अस्त्र, त्रिशूल-भाला, तलवार व हथियार लेकर बारात-शोभायात्रा और जुलूस में शामिल होने की अनुमति नही दी गई है। 2 मार्च को आयोजित उर्स पाक चादर जुलूस के लिए मटका पार्टी संगीत मय आयोजम की अनुमति के साथ अन्य किसी भी प्रकार के धुमाल पार्टी की अनुमति नहीं दी गई है।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन दोनों पर्व को शांति और सौहार्द्र वातावरण में सम्पन कराने के लिए दोनों आयोजकों की मांग के आधार पर हरसंभव सुरक्षा-व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी। आयोजन समिति के पदाधिकारी विकास केसरी ने महाशिवरात्रि पर्व पर आयोजित शिव-गौरी विवाह बारात और आयोजन के स्वरूप और रूटचार्ट की विस्तार से जानकारी देते हुए आपसी भाईचारे के साथ सौहार्दपूर्ण वातारण में सम्पन्न कराने का भरोसा दिलाया।
मुस्लिम समाज के अध्यक्ष शमीम गौरी ने कहा कि मुस्लिम समाज के धार्मिक आयोजन को पूर्ण सादगी और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा। मुस्लिम समाज का धार्मिक आयोजन उर्स पाक चादर जुलूस पहले 1 मार्च को निर्धारित था, लेकिन समाज को महाशिवरात्रि पर्व के आयोजनों की जानकारी मिलने पर समाज प्रमुखों के साथ बैठक कर आयोजन स्थगित करते हुए 2 मार्च को उर्सपाक चादर जुलूस का आयोजन किया गया। 2 मार्च को आयोजित उर्स पाक चादर जुलूस के लिए रूट चार्ट  जामा मस्जिद से सिग्नल चौक, रमन मेडिकल स्टोर्स  से गुरूनानक गेट, मुख्य बाजार मार्ग, सराफा मार्ग, करपात्री चौक, यूनियन चौक से दरगाह मार्ग निर्धारित है।

शिव-गौरी बारात का रूटचार्ट बदला

कलेक्टर के निर्देश पर महाशिवरात्रि पर्व पर 1 मार्च को कवर्धा शहर में आयोजित शिव-गौरी विवाह बारात का रूटचार्ट बदला गया है। पुलिस अधिकारी व आयोजन समिति के सदस्यों ने नए रूट का अवलोकन किया। नए रूट चार्ट के मुताबिक बुढा महादेव मंदिर से बारात निकलेगी। यह बारात बुढा महादेव से शीतला मंदिर, सराफा मार्ग से सीधा महावीर स्वामी-चौक, आजाद चौक से विक्की वीडियो मार्ग होते हुए दर्रीपारा और ठाकुरदेव चौक पहुंचेगी। वहां नगर देवता ठाकुर जी का विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद शहर की तरफ से गुरूनानक देव चौक से होते हुए पुनः आजाद चौक पहुंचेगी। फिर बस स्टैंड मार्ग से सिग्नल चौक से भारत माता चौक के पास महामाया मंदिर से सामने शिव-गौरी का विवाह संपन्न होगा और शिव भगवान का भस्म श्रृंगार व महाआरती का आयोजन होगा।