
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) दुर्ग जिला कमेटी द्वारा आज यूक्रेन पर रूस द्वारा हमला करने के विरोध में प्रदर्शन किया गया। दुर्ग में पटेल चौक पर विरोध प्रदर्शन के दौरान रूस के एकतरफा सैन्य हमले और जंगखोर साम्राज्यवादी नाटो गठबंधन की उकसावेबाजी की कड़ी आलोचना की गई।
सभा को संबोधित करते हुए एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) पार्टी के राज्य संगठन सचिव कामरेड विश्वजीत हारोडे ने कहा कि हम विशेष सैन्य अभियान के नाम पर यूक्रेन पर साम्राज्यवादी रूस के सैन्य आक्रमण की कड़ी निंदा करते हैं। अमेरिकी साम्राज्यवादियों के नेतृत्व में नाटो ने अधिकांश पूर्वी यूरोपीय देशों पर अपने नियंत्रण का दायरा बढ़ाया है। रूस ने यूक्रेन को अपने प्रभुत्व में लाने के लिए एक प्रतियोगी शक्ति के रूप में इस आक्रमण को शुरू किया। यह अमेरिकी साम्राज्यवाद और रूसी साम्राज्यवाद के बीच वर्चस्व का संघर्ष है। इस युद्ध की स्थिति विश्व शांति को खतरे में डाल रही है।
उन्होंने कहा कि साम्राज्यवादी शक्तियां बेरोजगारी के अभूतपूर्व संकट, छँटनी, गरीबी और लोगों के आन्दोलनों के बढ़ते प्रभाव से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए युद्ध, युद्ध तनाव और राष्ट्रीय उग्रवाद को बढ़ा रही हैं। केंद्र की मोदी सरकार की भर्त्सना करते हुए हारोडे ने कहा कि यूक्रेन में फंसे हुए हजारों भारतीय छात्रों को वापस लाने की कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई। भाजपा समर्थित मीडिया इस बात को फैला रहा है कि भारतीय छात्र अपने स्वार्थ के लिए यूक्रेन पढ़ने गए। हम मांग करते हैं कि यूक्रेन में फंसे हजारों भारतीय छात्रों की सकुशल वापसी के लिए ठोस और प्रभावकारी योजना का तत्काल क्रियान्वयन किया जाए।
यूक्रेन पर रूस की सरकार से आक्रमण को तुरंत बंद करने, अपनी सेनाएं यूक्रेन से वापस बुलाने, नाटो सैनिक गठबंधन को अपनी सेनाओं को यूक्रेन के आसपास से दूर हटाने और अमेरिकी साम्राज्यवाद अपनी युद्ध की उकसावेबाजी की नीति को बंद करने की अपील की गई। पूरी दुनिया के मजदूर वर्ग व आम जनता से अपील करते हुए कहा गया कि वे इस आक्रमण के खिलाफ आवाज उठाए।
सभा को एस यू सी आई कम्युनिस्ट पार्टी के दुर्ग जिला सचिव आत्माराम साहू ने भी संबोधित किया। अंत में 2 मिनट का मौन रखकर यूक्रेन में मारे गए छात्र नवीन शेखरप्पा को श्रद्धांजलि दी गई। विरोध प्रदर्शन में देवेंद्र पाटिल, प्रवीण शर्मा, मधु अग्रवाल, पद्मा पाटिल, मेनका निषाद, पूजा सागर, अभिषेक श्रीवास, मेघनाद साव, आकाश सोनी, दीपा कौशल, दिव्या निषाद, तिरीत साहू, अंजू भारती, पूनम यादव, मोक्ष कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal