द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मत्स्य पालन विभाग के चार अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया है। विभाग के डायरेक्टर नारायण सिंह नाग ने बताया कि कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा विकासखण्ड में मछली पालन के लिए तालाब खनन में गड़बड़ी का मामला पाए जाने पर मछली पालन विभाग कांकेर के सहायक संचालक सहित चार अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। तालाब खनन में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर कांकेर के कलेक्टर द्वारा इस मामले की जांच कराई गई थी।
शिकायत सही पाए जाने पर मछली पालन विभाग कांकेर के सहायक संचालक सुदेश कुमार साहू, एएफओ टी.आर. भंडारी, मत्स्य निरीक्षक अशोक गाइन और दिनेश कुमार श्रीवास्तव को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद विस्तृत जांच पड़ताल में सहायक संचालक साहू और मत्स्य निरीक्षक दिनेश कुमार श्रीवास्तव की संलिप्तता न पाए जाने के कारण उक्त दोनों अधिकारियों को बहाल कर दिया गया है। निलंबित एएफओ टी.आर. भंडारी और मस्त्य निरीक्षक अशोक गाइन के विरूद्ध विभागीय जांच चल रही है।
संचालक श्री नाग ने बताया कि विभागीय जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने पर शासन को कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि मत्स्य पालन हेतु तालाब खनन योजना के तहत लाभान्वित हितग्राही कृषकों को अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को 40 प्रतिशत, अनुसूचित जाति एवं जनजाति और महिला वर्ग के हितग्राहियों को 60 प्रतिशत अनुदान योजना के तहत दिया जाता है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal