Breaking News

दुर्ग के कांग्रेस संगठन प्रभारी गिरीश देवांगन की दो टूक चेतावनी : हटाए जाएंगे निष्क्रिय पदाधिकारी

  • सदस्यता अभियान में दुर्ग पिछड़ा : प्रदेश कांग्रेस संगठन भी दुर्ग शहर कांग्रेस संगठन के कामकाज से नाराज
  • ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी, यही हाल रहा तो वे खुद दुर्ग आकर विधायक वोरा के साथ कांग्रेस सदस्य बनाएंगे  
  • युकां अध्यक्ष आयुष शर्मा को जमकर फटकार लगाई

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

कांग्रेस सदस्यता अभियान में ढिलाई को लेकर दुर्ग जिला संगठन प्रभारी गिरीश देवांगन ने जमकर नाराजगी दिखाई। गुरूवार को राजीव भवन में दुर्ग में कांग्रेस सदस्यता अभियान पिछड़ने पर गिरीश देवांगन ने गहन समीक्षा करते हुए संगठन पदाधिकारियों समेत पार्षदों, एल्डरमैन को साफ शब्दों में चेतावनी दे डाली। उन्होंने यहां तक कह दिया कि सदस्यता अभियान तेज न होने और संगठन की सक्रियता न बढ़ने पर प्रदेश कांग्रेस द्वारा निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

दुर्ग के राजीव भवन में गुरूवार को हुई थी कांग्रेस की बैठक

कांग्रेस सदस्यता अभियान आरंभ होने के बाद से सदस्यता बुक की पर्ची काटने और डिजिटल सदस्यता अभियान में दुर्ग पिछड़ गया है। प्रदेश कांग्रेस संगठन को रिपोर्ट मिली है कि शहर कांग्रेस कमेटी और ब्लाक कमेटियों में बेहतर तरीके से काम नहीं किया जा रहा है। दुर्ग की परफार्मेंस ठीक न होने की रिपोर्ट मिलने पर नाराज गिरीश देवांगन ने दुर्ग में हुई बैठक में साफ कहा कि ऐसा नहीं चलेगा। 2022 में होने वाले चुनाव से पहले निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटा दिया जाएगा और सक्रिय कांग्रेसियों को अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। देवांगन ने खास तौर पर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों की कार्यप्रणाली पर नाखुशी जताई।

आपको याद दिला दें कि द सीजी न्यूज डॉट कॉम ने तीन माह पहले ही दुर्ग में कांग्रेस संगठन की निष्क्रियता से संबंधित रिपोर्ट प्रसारित की थी। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भी समय-समय पर संगठन के कामकाज में चल रही ढिलाई को लेकर नाराजगी जताई है। इसके बावजूद जिले के कांग्रेस संगठन में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। अब इसी मामले को लेकर दुर्ग जिला संगठन प्रभारी गिरीश देवांगन ने नाराजगी जताई है।

सूत्रों ने बताया कि गुरूवार को हुई बैठक में कई पार्षदों व संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि हमें सदस्यता बुक ही नहीं दी गई है। इससे नाराज जिला संगठन प्रभारी गिरीश देवांगन ने यहां तक कह दिया कि यही हाल रहा तो वे खुद दोबारा दुर्ग आएंगे और फिर से सदस्यता अभियान की समीक्षा करेंगे। जरूरत पड़ने पर वे विधायक अरुण वोरा के साथ कांग्रेस सदस्य बनाने वार्डों और मोहल्लों में भी घूमेंगे। उन्होंने अगले विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव के लिए अब दो साल से भी कम समय रह गया है। सदस्यता अभियान के साथ ही संगठन की सक्रियता को हर हाल में बढ़ाना जरूरी है।

वोरा से कहा – संगठन की गतिविधियों पर नजर रखें

गिरीश देवांगन ने विधायक अरुण वोरा से कहा कि वे स्वयं सदस्यता अभियान और संगठन की सक्रियता पर नजर रखें। बैठक में वोरा ने कहा कि वे विधायक होने के नाते प्रदेश सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास योजनाओं को लागू कराने के लिए हमेशा सक्रिय रहते हैं। अपने दायित्वों को निभाने में वे जरा भी पीछे नहीं रहते। वोरा ने कांग्रेस पदाधिकारियों से कहा कि आप सभी के सहयोग और सक्रियता से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है। भूपेश सरकार की योजनाओं से पूरे प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में काफी अच्छा माहौल है। संगठन पदाधिकारी सक्रिय होकर काम करें। अगले चुनाव भी कांग्रेस भारी बहुमत से जीतेगी।

शहर युकां अध्यक्ष आयुष शर्मा को जमकर फटकारा 

बैठक में गिरीश देवांगन के सवाल पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल ने बताया कि शहर युकां अध्यक्ष आयुष शर्मा ने केवल डिजिटल सदस्य बनाने की बात कही है। बुक की पर्ची काटकर सदस्यता अभियान में वे शामिल नहीं हैं। इस पर गिरीश देवांगन ने आयुष शर्मा को जमकर फटकारा। देवांगन ने आयुष से सख्ती से कहा कि तुम्हें ऐसा किसने कहा?  उसका नाम बताओ ? उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि युकां सहित सभी संगठन पदाधिकारियों को सदस्यता बुक की पर्ची काटकर सदस्य भी बनाना है और डिजिटल सदस्यता अभियान से भी जुड़ना है।

Check Also

किसानों को साहूकारों के चंगुल से भाजपा सरकार ने किया मुक्त : शून्य ब्याज पर कृषि लोन देने की सौगात भाजपा की देन : शिव चंद्राकर

THE CG NEWS दुर्ग। सेवा सहकारी समिति मर्या. पुरदा की वार्षिक आमसभा में संस्था के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!