- बड़ा गड़बड़झाला : एक दिन की छुट्टी लेने पर दो दिन का वेतन काटती है प्लेसमेंट एजेंसी : रोक लगाने की मांग
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक ने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और ड्राइवरों को होली के पहले फरवरी का वेतन भुगतान करने की मांग की है। विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल और निगम आयुक्त हरेश मंडावी को सौंपे गए ज्ञापन में वेतन भुगतान के अलावा प्रोत्साहन राशि का भुगतान करने सहित अन्य मांगे की गई हैं। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि मांगे पूरी न होने पर हड़ताल व धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस दुर्ग के अध्यक्ष प्रताप सोनी, उपाध्यक्ष बल्लू नागेश और महासचिव धरम नागेश ने इस संबंध में ज्ञापन सौंपते हुए कहा है कि निगम प्रशासन से वेतन भुगतान में विलंब नहीं होना चाहिए। निगम का खजाना खाली होने के कारण पिछले महीने 18 तारीख के बाद वेतन दिया गया था। कई कर्मियों को पिछले माह वेतन मिला ही नहीं। इस महीने होली के पहले वेतन हर हाल में भुगतान हो जाना चाहिए।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में प्लेसमेंट में काम कर रहे 150 सफाई कर्मियों व अन्य कर्मियों को बिना कारण नौकरी से निकाल दिया गया। इन सभी लोगों को बहाल किया जाए। जिन कर्मियों से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन, सेग्रीगेशन, सड़कों की सफाई, नाली सफाई का कार्य से लिया जा रहा है, उन्हें न्यूनतम मजदूरी का भुगतान भी होना चाहिए। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि प्लेसमेंट एजेंसी द्वारा एक दिन की छुट्टी लेने पर दो दिन का वेतन काटा जाता है। इस पर तत्काल रोक लगना चाहिए।
संगठन पदाधिकारियों ने आगे कहा कि कोरोना काल में सफाई कार्य बिना रुकावट करने पर दिवाली के पहले 7 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि देने का वादा किया गया था, यह वादा आज तक पूरा नहीं किया गया। होली के पहले सफाई कर्मियों को तत्काल प्रोत्साहन राशि का भुगतान करने की मांग की गई। इसी तरह कोरोना काल में रेलवे स्टेशन में सफाई कार्य के लिए कई कामगारों को लगाया गया था। उनको वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इन कर्मियों को वापस स्वास्थ्य विभाग में लिया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal