- नियमितिकरण की मांग को लेकर सोमवार से आंदोलन कर रहे हैं मनरेगा-कर्मचारी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मनरेगा महासंघ के आव्हान पर सोमवार से दुर्ग जिले के मनरेगा कर्मचारियों और अधिकारियों की हड़ताल शुरू हो गई है। महासंघ के सभी ब्लाक अध्यक्षों ने अपने-अपने एस डी एम को ज्ञापन सौंप दिया है। हड़ताल के कारण दुर्ग जिले में मनरेगा मजदूरों के सामने रोजगार का संकट उत्पन्न होने की आशंका है।

मनरेगा योजना के अंतर्गत प्रतिदिन 60 हजार से ज्यादा मजदूरों को रोजगार दिया जाता है। महासंघ के आहान पर कर्मचारी, अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायतों में काम करने वाले ग्राम रोजगार सहायक संघ ने भी आदोलन का समर्थन किया है। संघ के जिला पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार ने सत्ता में आने के पहले कई सार्वजनिक मंच पर लिखित और मौखिक रूप् से नियमितीकरण का वादा किया था। तीन साल से सत्ता में बैठी सरकार ने नियमितीकरण की दिशा में कोई कदम नही उठाया है। सरकार की वादा खिलाफी के विरूद्ध अब महासंघ के आव्हान पर प्रदेश स्तरीय आंदोलन प्रारंभ कर दिया गया है।

पदाधिकारियों ने बताया कि 10-15 वर्षों से सेवाएं देने के बाद भी अनियमित होने का दंश झेल रहे परिवारों का भविष्य अंधकारमय है। संविदा कर्मियों की तनख्वाह काफी कम है। कई साल से वेतनवृद्धि नहीं दी गई है। सिविल सेवा आचारण नियम के तहत सिंर्फ नोटिस दिया जाता है। इसके आगे की कार्यवाही करने के लिए संविदा नियम लगाया जाता है। मांग यही है कि सिविल सेवा आचारण नियम 1966 के अधीन नियमित किया जाए। आंदोलन के पहले चरण में सभी जिला मुख्यालय में धरना प्रदर्शन प्रारंभ किया गया है। इसके बाद 11 अप्रैल को महारैली निकाली जाएगी। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि मनरेगा योजना के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक अधिकारी कर्मचारियों के भविष्य की यह लड़ाई अब नियमितीकरण पाने के बाद ही समाप्त होगी ।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal