Breaking News

गर्मी में तालाब भरने बांध से छोड़ा गया पानी लीकेज के कारण बहकर बर्बाद हो रहा

  • कलेक्टर के निर्देश के बावजूद अफसरों ने नहीं कराई नहर की मरम्मत 
  • नहर में मलबा पाटकर ठगड़ा बांध में पानी नहीं भरने दे रहे निगम अफसर

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

दुर्ग / जल संसाधन विभाग और नगर निगम की लापरवाही के कारण बांध से छोड़े गए पानी की बर्बादी हो रही है। नहर की मरम्मत न कराने और झाड़ियों की सफाई न होने से हर साल गर्मी में निस्तारी तालाबों को भरने के लिए छोड़े गए पानी की बर्बादी होती है। इस बार भी कलेक्टर के निर्देश के बावजूद न तो नहर की मरम्मत की गई, न झाड़ियों की सफाई की गई। इसके कारण दीपक नगर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर के पास पानी भर गया। यही हाल शहर व आसपास के इलाकों का भी है, जहां नहर से छोड़े गए पानी की बर्बादी हो रही है।

जानकारी के अनुसार दीपक नगर के रेवा तालाब, शक्ति नगर तालाब को भरने के लिए साइंस कालेज के बाजू से गुजरने वाली नहर में पानी छोड़ा गया है। नहर में लीकेज होने के कारण दीपक नगर से आत्मानन्द अंग्रेजी माध्यम स्कूल जाने वाले मार्ग में भर गया है, जिससे विद्यार्थियों और उनके पालकों को काफी दिक्कत हो रही है। पानी की बरबादी भी हो रही है। पानी में सड़न के कारण आस-पास के रहवासी भी परेशान हैं। नगर निगम और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराने के बाद भी कोई कार्य नहीं कराया गया है।

ठगड़ा बांध पिकनिक स्पाट का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां पानी भरने से रोकने के लिए नहर में मलबा डाल दिया गया है। बांध न भर पाने के कारण आसपास के दर्जन भर वार्डों में वाटर लेवल गिरने से जलसंकट की स्थिति है।

एक तरफ नहर की सफाई व रिपेयरिंग कार्य न होने से पानी की बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी ओर निगम द्वारा तालपुरी से ठगड़ा बांध भरने वाली नहर को पाट दिया गया है, ताकि बांध में पानी न भर सके। इसके कारण 10 वार्ड में जल स्तर नीचे होने के कारण बोर से भी पानी नहीं मिल रहा है। एक माह पूर्व नगर निगम को नहर की साफ सफाई व रिपेयरिंग कार्य के लिए पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश शर्मा ने कहा था। इसके बावजूद बांध को नहीं भरने दिया जा रहा है। पानी न भरा गया तो मई और जून माह में लोगों को पानी के लिए काफी दिक्कत होगी। शर्मा ने इस संबंध में कलेक्टर से अनुरोध किया है कि नहर लीकेज की मरम्मत कराई जाए और पूरी तरह ठगड़ा बांध में पानी भरा जाए ताकि भूजल स्तर बढ़ने से लोगों को बोर से पानी मिल सके।

Check Also

पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर सीएम साय को लिखा आत्मीय पत्र : प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और जनजीवन से अपने गहरे जुड़ाव को किया याद, सरगुजा से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!