- नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया औचक निरीक्षण पर पहुंचे बलरामपुर और अंबिकापुर
- जिला अस्पताल, बस स्टैंड, निर्माणाधीन सड़क का किया निरीक्षण, योजनाओं और विकास कार्यों की ली जानकारी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जिला भ्रमण से पहले नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया योजनाओं व कार्याें की जमीनी हकीकत जानने बुधवार को बलरामपुर और अम्बिकापुर पहुंचे। डॉ. शिवकुमार डहरिया ने जिला मुख्यालय बलरामपुर के नवीन बस स्टैण्ड में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत् मोबाइल मेडिकल यूनिट, वार्ड क्रमांक 14 में निर्माणाधीन डामरीकृत सड़क, जिला चिकित्सालय, श्री धन्वंतरी मेडिकल स्टोर व प्रधानमंत्री आवास और जनपद कार्यालय का निरीक्षण किया।
डॉ. डहरिया ने जिला मुख्यालय में नवीन बस स्टैण्ड में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत् मोबाईल मेडिकल यूनिट का निरीक्षण कर अपना ब्लड प्रेशर चेकअप कराया। उन्होंने योजना का अधिक से अधिक लोगों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिये। उन्होंने नवीन बस स्टैण्ड में निर्मित दुकानों का आबंटन शीघ्र कराने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी बलरामपुर को दिये।

मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर मरीजों व उनके परिजनों से अस्पताल में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल में संचालित डायलिसिस यूनिट व निर्माणाधीन हमर लैब का अवलोकन किया। डहरिया ने हमर लैब यूनिट को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिये। अस्पताल परिसर में संचालित श्री धन्वंतरी क्लीनिक का निरीक्षण किया और दवाई क्रय करने आए हितग्राहियों से दवाई में दी रही छूट के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने श्री धन्वंतरी मेडिकल के संचालक से दवाई की उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक दवाएं रखने के निर्देश दिये।
नगर पालिका बलरामपुर के वार्ड क्रमांक 14 में निर्माणाधीन डामरीकृत सड़क के निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने सड़क की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई और सड़क की गुणवत्ता जांचने के निर्देश दिये। उन्होंने शहरी प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत वार्ड क्रमांक 5 में ईश्वर मिंज के नवनिर्मित मकान का अवलोकन किया। हितग्राही से आवास के राशि की भुगतान संबंधी जानकारी ली। प्रभारी मंत्री ने जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचकर कार्यालय में पदस्थ कर्मचारियों से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन राशि के भुगतान के संबंध में जानकारी ली और समय पर पेंशन राशि हितग्राहियों को भुगतान करने के निर्देश दिये।
इस दौरान रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह, प्रबंध संचालक एनआरएचएम व संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास डॉ. प्रियंका शुक्ला, जनसम्पर्क विभाग के संचालक सौमिल चौबे, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, वनमण्डलाधिकारी विवेकानन्द झा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बलरामपुर के बाद डॉ. डहरिया अम्बिकापुर पहुंचे। वहां उन्होंने गांधीनगर क्षेत्र के सुभाषनगर में लगाए गए मोबाइल मेडिकल यूनिट और बालगंगाधर तिलक वार्ड में चल रहे बीटी रोड निर्माण का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन बीटी रोड की थिकनेस खुद जांची और अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्ण कार्य के निर्देश दिये।
डॉ. डहरिया ने कहा कि अम्बिकापुर नगर निगम क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए करीब 7.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। सभी काम बरसात से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। एमएमयू के निरीक्षण के दौरान डॉ डहरिया ने एमएमयू में उपलब्ध सुविधाओं और आज उपचार किये गए मरीजों की संख्या की जानकारी ली। वर्तमान में अम्बिकापुर निगम क्षेत्र में 4 एमएमयू संचालित है जो प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक मोहल्लों में शिविर लगाकर लोगों का निःशुल्क इलाज किया जा रहा है।
इस दौरान बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, महापौर डॉ अजय तिर्की, जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता, संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास डॉ प्रियंका शुक्ला, कलेक्टर संजीव कुमार झा, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह, नगर निगम आयुक्त विजय दयाराम के, राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौमिल रंजन चौबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
