द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / संभागायुक्त महादेव कावरे ने विगत दिवस राजनांदगांव जिले के अनुविभागीय अधिकारी गण्डई-छुईखदान, कार्यालय तहसीलदार छुईखदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समस्त शाखाओं के कर्मचारियों के टेबल पर नेम प्लेट अवश्य रखने के निर्देश दिए। कावरे द्वारा तहसील कार्यालय स्थित लोक सेवा केन्द्र का निरीक्षण किया गया और समस्त आवेदनों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी गण्डई-छुईखदान सुनील कुमार शर्मा को दिए गए।
दो साल से पेंडिंग मिले प्रकरण : संभागायुक्त ने नाराजगी जताई
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त दुर्ग संभाग द्वारा न्यायालय तहसीलदार छुईखदान में 141 न्यायालयीन प्रकरण पेंडिंग मिले। इनमें 30 प्रकरण 2 साल से अधिक समय से लंबित थे। इस पर संभागायुक्त द्वारा कड़ी नाराजगी व्यवक्त की गई और त्वरित सुनवाई कर आदेश पारित करने के निर्देश तहसीलदार मोक्षदा देवांगन को दिए गए। न्यायालय नायब तहसीलदार के न्यायालय में कुल 144 प्रकरण लंबित पाए गए। दो वर्ष से अधिक 23 प्रकरण लंबित पाए गए। कावरे द्वारा तहसीलदार छुईखदान को अविलंब कार्रवाही करने के निर्देश दिए गए।
तहसीलदार एवं उपपंजीयक को थमाया कारण बताओ नोटिस
कार्यालय तहसीलदार में पंजियों के नियमित संधारण न होने पर तहसीलदार मोक्षदा देवांगन और उपपंजीयक कार्यालय में संधारित पंजियों की जाँच के दौरान पंजी संधारण व अपडेट न करने पर उपपंजीयक पारूल अवस्थी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
निरीक्षण के दौरान आम जनता से भी चर्चा की। अधिवक्ता गजेन्द्र ठाकरे, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ और सौरभ श्रीवास्तव, सतीश संघानिया, मोतीलाल जंघेल, रवि केसरिया, संदीप जैन, प्रतिमा महोबिया, गीता टांडेकर से न्यायालयीन प्रक्रियाओं के संबंध में चर्चा की गई। सभी सदस्यों द्वारा न्यायालयीन प्रक्रियाओं में संतुष्टि जताई।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
