- घंटों तक भीड़ भरी लाइन में खड़े होने से बेचैनी और बेहोशी का शिकार हो रही छात्राएं, छात्र भी परेशान
द सीजी न्यूज

कॉलेज में हो रही ऑनलाइन परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिका जमा करने की व्यवस्था बेहतर न होने के कारण हजारों स्टूडेंट परेशान हैं। भीषण गर्मी में एक साथ हजारों स्टडेंट्स कॉलेज पहुंच रहे हैं। आंसरशीट जमा करने के लिए न तो पर्याप्त संख्या में काउंटर बनाए गए हैं, न भीषण गर्मी में व्यवस्थित हवादार काउंटर की व्यवस्था है। हालत ये है कि कई बार गर्मी और भीड़ के कारण छात्राएं बेहोश हो रही हैं। समस्या का पता चलने पर वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने आज दोपहर 3 बजे साइंस कॉलेज पहुंचकर छात्र-छात्राओं से चर्चा की। उन्होंने कुलपति डॉ अरुणा पल्टा से भी चर्चा की और तत्काल व्यवस्था सुधारने कहा। कुलपति ने कहा है कि सोमवार से सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएगी।
साइंस कालेज में अव्यवस्था से परेशान छात्रों ने आज वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा को फोन कर इस मामले की जानकारी दी। इसके बाद वोरा ने कॉलेज पहुंचकर प्राचार्य डॉ आरके सिंह से विस्तार से जानकारी ली। वोरा ने हेमचंद यूनिवर्सिटी की कुलपति से कहा कि अनिवार्य रूप से व्यवस्था सुधारी जाए। भीषण गर्मी में स्टूडेंट्स को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुलपति ने सहमति जताते हुए कहा है कि सोमवार से सभी खामियों को दुरुस्त किया जाएगा।
कॉलेज स्टूडेंट्स ने बताया कि कॉलेज में 5 हजार 4 सौ परीक्षार्थी हैं। आंसर शीट जमा करने के लिए न तो पर्याप्त संख्या में काउंटर हैं, न गर्मी के मौसम से राहत देने के लिए कोई इंतजाम किये गए हैं। एक ही काउंटर में दो-दो लाइनों में खड़े स्टूडेंट्स के फार्म जमा किये जा रहे हैं। छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग लाइन भी नहीं है। आंसर शीट जमा करने वाले स्टूडेंट्स में प्राइवेट परीक्षा देने वाले छात्र छात्राएं, भूतपूर्व छात्र छात्राएं भी हैं। कई प्रेग्नेंट महिलाएं भी परीक्षा की उत्तर पुस्तिका जमा करने आ रही हैं। व्यवस्था बेहतर न होने के कारण गर्मी में सभी स्टूडेंट्स को काफी परेशानी हो रही है।
विधायक अरुण वोरा ने कॉलेज प्राचार्य डॉ आरके सिंह से कहा है कि आंसर शीट जमा करने आए स्टूडेंट्स के लिए बेहतर सुविधाओं और काउंटर की संख्या बढ़ाने जैसी व्यवस्था अनिवार्य रूप से करें। हवादार कमरे में आंसर शीट जमा कराने के साथ ही शीतल पेयजल की व्यवस्था भी जरूरी है। व्यवस्था ऐसी हो कि आंसरशीट जमा करने आए स्टूडेंट्स को ज्यादा देर लाइन में खड़ा न होना पड़े। परेशानियों का सामना न करना पड़े। प्राचार्य ने कहा है कि सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
