- मंगरैलगढ़ में मुख्यमंत्री की आम जनता को सौगात
- मंगरैलगढ़ी देवी मंदिर में की पूजा अर्चना, बच्चों से की मुलाकात
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के मंगरैलगढ़ ग्राम पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मंगरैलगढ़ी देवी मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि व खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में बेल का पौधा भी लगाया। मंगरैलगढ़ राम वनगमन परिपथ से संबंधित है, जहां वनवास के दौरान भगवान राम ने भ्रमण किया था।

भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंगरैलगढ़ में कई बड़ी घोषणाएं भी की। इनमें मंगरैलगढ़ भौंराडांड मांड नदी तक सड़क निर्माण, मंगरैलगढ़ मांड नदी पर एनीकट निर्माण, मंगरैलगढ़ प्राथमिक व मिडिल स्कूल के नए भवन का निर्माण, केरजू में पुलिस चौकी की स्थापना, सीतापुर में ऑडिटोरियम का निर्माण, मंगरैलगढ़ में 25 लाख के सामुदायिक भवन के निर्माण जैसी बड़ी घोषणाएं शामिल हैं।
भेंट-मुलाकात के दौरान उपस्थित एनिमा खेस ने आमजन के हित में राज्य शासन द्वारा चलाई जा रही लोक कल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। एक बच्चे ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो गया है, वह अकेला है। इस पर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता जताते हुए बच्चे को छात्रावास में प्रवेश दिलाने के लिए कलेक्टर को निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने मंगरैलगढ़ में मातृछाया आवासीय संस्कृत विद्यालय पहुंचकर वहां पढ़ रहे बच्चों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वसहायता समूह की महिलाओं से पूछा कि गौठान से मेरे लिए क्या लाए हो। इस पर स्थानीय स्वसहायता समूह की महिलाओं ने खुद के बनाए हुए स्थानीय उत्पादों की टोकरी भेंट की और गौठान योजना के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री ने भेंट मुलाकात कार्यक्रम में स्थानीय लोगों से बात करते हुए योजनाओं के बारे में पूछा और लोगों की समस्याओं से जुड़े प्रश्नों पर स्थानीय अधिकारियों को तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिये।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
