द सीजी न्यूज

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रविवार को राजधानी रायपुर के जोन क्रमांक-3 अंतर्गत शंकर नगर एक्सप्रेस-वे ब्रिज के सौन्दर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इसका सौन्दर्यीकरण महापौर निधि से स्वीकृत 59 लाख 83 हजार रुपए की लागत से किया गया है। मुख्यमंत्री ने राजधानी में ही देवेन्द्र नगर चौक में छत्तीसगढ़ हाऊसिंग बोर्ड के अध्यक्ष व रायपुर उत्तर के विधायक कुलदीप जुनेजा और छत्तीसगढ़ सिक्ख संगठन के संयुक्त तत्वाधान में संचालित ‘दवाई का लंगर‘ निःशुल्क दवाखाना का भी शुभारंभ किया। ‘दवाई का लंगर‘ निःशुल्क दवाखाना में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में नागरिकों से भेंट-मुलाकात और चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए हर अंचल के साथ-साथ नगरों की सुव्यवस्थित और सुनियोजित विकास के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं। इस कड़ी में नगरीय निकायों में नागरिकों की सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने सौन्दर्यीकरण कार्य और ‘दवाई का लंगर‘ निःशुल्क दवाखाना के संचालन के लिए विधायक कुलदीप जुनेजा और महापौर एजाज ढेबर द्वारा की गई पहल की सराहना करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी।

राजधानी के शंकर नगर एक्सप्रेस-वे ब्रिज में सौन्दर्यीकरण कार्य

एल्यूमिनियम फ्रेमिंग और एमएस पाइप कार्य, सिविल कार्य और लैंड स्कैपिंग कार्य- गार्डनिंग तथा टेक्सचर एवं पेंटिंग कार्य, विद्युतीकरण कार्य के अंतर्गत ‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़‘ एक्रेलिक एल.ई.डी. लाईट कार्य एवं ए.सी.पी. शीट के साथ फोटो और लाइटिंग कार्य किया गया है। इस अवसर पर रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर, विधायक डॉ. रश्मि आशीष सिंह, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह छाबड़ा, नगर निगम रायपुर के सभापति प्रमोद दुबे सहित वरिष्ठजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।