- महापौर व आयुक्त ने जलकार्य विभाग के अधिकारियों समेत अमृत मिशन के ठेकेदारों के साथ बैठक में दिए जरूरी निर्देश
- अमृत मिशन के बचे कार्यों को तेजी से पूरा करने और इंटरकनेक्शन व नल कनेक्शन के शेष कार्यों को पूरा करने कहा
द सीजी न्यूज
दुर्ग/ नगर निगम के डाटा सेंटर में आज महापौर धीरज बाकलीवाल, आयुक्त प्रकाश सर्वे व जलकार्य प्रभारी संजय कोहले ने जलकार्य विभाग और अमृत मिशन योजना के अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेकर जलप्रबंधन बेहतर बनाने सख्त निर्देश दिये। महापौर व आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि शहर में पानी सप्लाई की व्यवस्था बेहतर बनाने अधिकारी प्लान बनाएं। ताकि नागरिकों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
महापौर और आयुक्त ने कहा कि वार्ड 20 आदित्य नगर क्षेत्र में बिछाई गई पुरानी लाइन से जुड़े नलों को नई पाइपलाइन में शिफ्ट करने के साथ ही अमृत मिशन प्रोजेक्ट के तहत टंकियों में 12 नग नए वाल्व लगाने का कार्य किया जाए। पद्मनाभपुर में निर्मित नई पानी टंकी को जोड़ने के निर्देश भी दिये गए। दीपक नगर क्षेत्र की कई गलियों में पेयजल समस्या के निराकरण के लिए पीडीएमसी हेड के साथ निरीक्षण कर समस्या का निराकरण करने कहा गया। नाला डायवर्सन के लिए बने डैम की मिट्टी हटाने हेतु संबधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर तत्काल कार्य कराने कहा गया। 11 एमएलडी फील्डर प्लांट में लोड बढ़ने से ट्रांसफॉर्मर और विद्युत लाइन के संबंध में परिवर्तन करने के लिए CSEB को जल्द पत्र लिखकर कार्य कराने के निर्देश दिये गए।
बैठक में महापौर धीरज बाकलीवाल ने अमृत मिशन के शेष कार्यों को तेजी से पूर्ण करने, इंटरकनेक्शन और नल कनेक्शन के कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने, पाइपलाइन विस्तार के लिए खोदे गए गड्ढे की तुरंत फिलिंग करने के निर्देश दिये। बैठक के दौरान एमआईसी मेंबर संजय कोहले, अब्दुल गनी, दीपक साहू, भोला महोबिया, हमीद खोखर, पार्षद अमित देवांगन, ईई प्रमोद कुमार दुबे, एई आरके जैन, राजेन्द्र ढबाले, भीम राव, नारायण ठाकुर, अभ्युदय मिश्रा, कपीश दीक्षित सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
