द सीजी न्यूज
नई दिल्ली / राष्ट्रपति भवन के कल्चरल सेंटर में नीति आयोग के 7 वें गवर्निंग काउंसिल की बैठक में शामिल होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ तमाम राज्यों के मुख्यमंत्री आए हुए हैं। बैठक से पहले और बाद में भी दिग्गज नेता एक-दूसरे से मिलते रहे। हल्की-फुल्की बातें होती रही। एक तस्वीर पूरे देश का ध्यान खींच रही है। ये तस्वीर है पीएम नरेंद्र मोदी के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की।
तस्वीर के एक ओर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और दूसरी तरफ राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत हैं। दोनों कांग्रेस के नेता हैं और बीजेपी के कट्टर विरोधी। बीच में खड़े हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। तीनों के चेहरे पर मुस्कान है। देखकर कौन कहेगा कि ये कट्टर सियासी प्रतिद्वंद्वी हैं? तस्वीर में भूपेश बघेल और अशोक गहलोत एक-दूसरे का हाथ थामे हुए हैं।
पीएम मोदी के ठीक पीछे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी खड़े हैं जो तीनों को देखकर या शायद इनके बीच हो रही बातें सुनकर हंस रहे हैं। पीछे हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर भी हैं, जो पीएम मोदी के साथ खड़े भूपेश बघेल और अशोक गहलोत की मुलाकात को बेहद उत्सुकता से देख रहे हैं।
![]()
![]()
अशोक गहलोत और भूपेश बघेल अक्सर राजनीतिक मंचों से पीएम नरेंद्र मोदी पर तीखे हमले करते हैं। ‘जुमलों का सरदार’ बताते हुए बीजेपी और पीएम मोदी पर हमले बोलते हैं। ‘मोदी है तो सबकुछ मुमकिन है, जुर्म भी, उत्पीड़न भी, अन्याय भी, अत्याचार भी’ के तीर भी छोड़ते रहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भाजपा की रैलियों में कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखे हमले करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।
सियासत इसे ही कहते हैं। तीखी प्रतिद्वंद्विता के बावजूद राजनीतिक शिष्टाचार बरकरार।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
