- वोरा ने पूरे शहर की सड़कों पर गड्ढे पाटने और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने का अभियान शुरू करने कहा
- यातायात विभाग का अमला रहे तैनात : ट्रैफिक व्यवस्था सुधारना जरूरी
द सीजी न्यूज
सड़कों पर गड्ढे पाटने के लिए अभियान चलाने की हिदायतों के बावजूद काम न होने से आज शहर में एक और दुर्घटना हो गई। पोटिया चौक पर आज गड्ढे के कारण हुए हादसे से एक्टिवा सवार 13 वर्षीय लड़की की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लड़की एक्टिवा पर सवार थी। रोड पर गड्ढे होने के कारण अनबैलेंस होकर वाहन से गिरने पर वहां से गुजर रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही विधायक अरुण वोरा ने इस मामले को लेकर बेहद चिंता और नाराजगी जताई है। वोरा ने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले पीडब्लूडी और नगर निगम को गड्ढे पाटने के लिए कहा जा रहा है। इसके बावजूद दोनों विभागों ने गंभीरता दिखाते हुए गड्ढे पाटने का काम नहीं किया। विभागों की लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। आज हादसे में एक लड़की की मौत हो गई। यह घटना बेहद दुखद है।
वोरा ने कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा से कहा है कि पीडब्लूडी और नगर निगम की सड़कों पर अविलंब गड्ढे पाटने का अभियान शुरू होना चाहिए। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था भी बेहतर होनी चाहिए। कई सड़कों पर निर्माण कार्य जारी होने के कारण अभी तक स्ट्रीट लाइट चालू नहीं की गई है। इससे हादसे होने की आशंका रहती है। इसके लिए तत्काल विभागीय अमला प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने का कार्य करे, ताकि हादसे न हो सकें।
पूर्व में यह खबर मिली थी कि 18 वर्षीय बालिका की सड़क दुर्घटना में मौत हुई है। बाद में पता चला कि बालिका की उम्र 13 वर्ष है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal