- बाढ़ के कारण भरदा गांव के ईंट भट्टे में फंसे 3 लोगों को एसडीआरएफ ने रेस्क्यू किया
द सीजी न्यूज
शिवनाथ नदी में मोगरा जलाशय से 56 हजार क्यूसेक पानी छोड़ने के बाद आज नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पुलगांव एरिया में नदी तट पर रहने वाले लोगों के घरों में पानी भरने के बाद करीब 45 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। विधायक अरुण वोरा ने आज प्रभावित लोगों से मुलाकात कर भोजन आदि की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। वोरा ने कलेक्टर से सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा है।
जानकारी के अनुसार महमरा एनीकट से करीब 15 फीट पानी ऊपर बह रहा है। पुलगांव में नदी के किनारे बसी बस्तियों का निरीक्षण करने पहुँचे विधायक अरुण वोरा ने शिवनाथ पारा में 45 परिवारों के 150 लोगों के लिए राहत केंद्र में सुविधाओं का जायजा लिया। जिला प्रशासन व निगम को राहत केंद्र में तत्काल भोजन-पानी व ठहरने की व्यवस्था के साथ ही वोरा ने प्रभावित परिवारों से चर्चा की।
वोरा ने कहा है कि शहरवासियों केलिए बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घण्टे कार्य करे। कंट्रोल रूम का नम्बर सार्वजनिक किया जाए। ताकि, जल भराव वाले एरिया में लोगों की मदद की जा सके। वोरा ने नदी नाले के जलस्तर के साथ ही तालाबों की निगरानी भी करने कहा है।
तीन लोगों को रेस्क्यू किया गया
कल रात से ही कई गांवो के खेतों में पानी भरने की जानकारी के बाद आज सुबह भरदा गांव में तीन लोगों के फंसे होने की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
एसडीआरएफ की टीम ने टोमनलाल, सहदुल यादव और पारसनाथ यादव को सुरक्षित बाहर निकाला। तीनों लोग ईंटभट्टा में काम करते हैं और बाढ़ का पानी चारों ओर फैलने के कारण वहीं फंस गए थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal




