कांकेर। जिले में लगातार बारिश के कारण जिला मुख्यालय कांकेर से प्रवाहित होने वाली दूध नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण समीपवर्ती मोहल्लों ,बसाहटों और दुकानों में जन-धन की हानि से बचाव के लिए जिला प्रशासन ने नागरिकों को अलर्ट किया है।

कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने नागरिकों से अपील की है कि जिला प्रशासन द्वारा कांकेर शहर के भंडारी पारा वार्ड, महादेव वार्ड, राजापारा वार्ड, पुराना बस स्टैंड, सुभाष वार्ड, अन्नपूर्णा  पारा वार्ड, एम.जी. वार्ड और शांति नगर वार्ड के निवासियों के लिए बाढ़ से बचाव के लिए न्यू कम्युनिटी हाल, नरहरदेव उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, घड़ी चौक स्थित पुराना कृषि महाविद्यालय और कांकेर क्लब में बाढ़ प्रभावित परिवारों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पानी आदि की व्यवस्था भी की गई है। आम जनता को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त वाहन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए जिला परिवहन अधिकारी को कलेक्टर द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला सेनानी नगर सेना को अपने प्रशिक्षित गोताखोरों को नदी किनारे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल तैनात करने के लिए निर्देश दिए गए हैं और स्थिति पर सतत नजर रखते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कांकेर को रिपोर्ट करने कहा गया है। नगरपालिका अधिकारी कांकेर को बाढ़ से बचाव हेतु संबंधित क्षेत्रों में मुनादी कराने के लिए निर्देशित किया गया है।
बाढ़ की स्थिति में एस.डी.एम. कांकेर धनंजय नेताम के मोबाइल नंबर +91-8319952885 और मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिनेश यादव के मोबाइल नंबर +91- 9301144591 व तहसीलदार कांकेर आनंद नेताम के मोबाइल नंबर +91- 94242-42505 और +91- 93404-01048 पर संपर्क किया जा सकता है।

राजनांदगांव के कलेक्टर डोमन सिंह ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया