- मुख्यमंत्री ने तीज, गणेश विसर्जन, दुर्गा पूजा, पितृमोक्ष- अमावस्या के मद्देनजर दिए निर्देश
- प्लॉस्टर ऑफ पेरिस व अन्य प्रतिबंधित सामग्री से बनी मूर्तियों का निर्माण रोकने करें आवश्यक कार्यवाही – मुख्यमंत्री
द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनमानस के व्यापक हित और सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगामी विभिन्न त्यौहारों और सार्वजनिक उत्सवों के आयोजन के लिए नगरीय क्षेत्रों में सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा समस्त कलेक्टरों, नगर निगम आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को पत्र लिखकर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्र में कहा गया है कि तीज, गणेश विसर्जन, दुर्गा पूजा, पितृमोक्ष-अमावस्या व अन्य त्यौहारों के लिए तालाबों/घाटों पर साफ-सफाई की व्यवस्था, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, फागिंग, शुद्ध पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। गणेश विसर्जन, दुर्गा पूजा व अन्य सार्वजनिक त्यौहारों के अवसर पर राज्य शासन द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन किया जाए। तालाबों/घाटों पर विसर्जन के पूर्व पूजन सामग्री को अलग-अलग कर उपयुक्त स्थल पर रखा जावे। नदी में मूर्तियों का विसर्जन किसी भी परिस्थिति में न किया जाए और नदी के जल को दूषित होने से बचाया जाए।
ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए। प्लॉस्टर ऑफ पेरिस सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री से बनी मूर्तियों के निर्माण को रोकने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए। आयोजन स्थलों के समीप यथासंभव मोबाईल मेडिकल यूनिट की व्यवस्था करने और मूर्ति विसर्जन हेतु रूट का चयन न्यूनतम यातायात बाधा के आधार पर करने, आयोजन स्थलों पर आवश्यक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया है।
पूरे शहर में आवारा मवेशियों को पकड़कर कांजी हाऊस में भेजने के निर्देश दिये गए हैं ताकि यातायात व्यवस्था सुगम रहे। जनमानस की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे शहरों में सार्वजनिक उत्सवों का आयोजन हर्षाेउल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया जा सके। इन दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
