- भूपेश सरकार ने बेरोजगारी के बताए गलत आंकड़े – सांसद संतोष पांडेय
- दुर्ग संभाग से घेराव में शामिल होंगे 20 हजार कार्यकर्ता – पूर्वमंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय
द सीजी न्यूज
दुर्ग। प्रदेश भाजपा और भाजयुमो ने भूपेश बघेल सरकार पर युवाओं के साथ वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया है। राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने रविवार को जिला भाजपा कार्यालय में मीडिया से संयुक्त चर्चा के दौरान ये कहा कि इसके विरोध में 24 अगस्त को राष्ट्रीय भाजयुमो अध्यक्ष बेंगलुरु सांसद तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन करते हुए भाजपा व भाजयुमो नेता बेरोजगारी के मुद्दे पर गलत आंकड़े जारी करने के मामले में मुख्यमंत्री से जवाब मांगेंगे। भाजपा नेताओं ने दावा करते हुए कहा कि घेराव-प्रदर्शन में दुर्ग संभाग के 6 जिलों से करीब 20 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे।
सांसद संतोष पांडेय ने प्रदेश में युवाओं की स्थिति के लिए भूपेश बघेल सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि राज्य सरकार ने अपने जन घोषणा पत्र में युवाओं के लिए बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन युवाओं को राज्य सरकार आज तक 25 सौ रुपए बेरोजगारी भत्ता नहीं दे पाई है। बेरोजगारी भत्ता देने का वादा करने वाली कांग्रेस सरकार ने राज्य के प्रत्येक बेरोजगार युवाओं का 45 माह का 1,12,500 रुपए दबा रखा है। इस हिसाब से 10 लाख युवाओं का 18 हजार करोड़ रुपए कांग्रेस सरकार पर बकाया है। प्रदेश में 5 लाख लोगों को रोजगार देने की बात करने वाले मुख्यमंत्री ने विधानसभा में लिखित में स्वीकार किया कि प्रदेश में मात्र 21 हजार लोगों को रोजगार दिया है। निजी एजेंसी से अनुबंध कर राज्य सरकार प्रदेश में बेरोजगारी दर 0.6 प्रतिशत बता रही है। चपरासी के 90 पदों के लिए 2.25 लाख आवेदन आने से सारी पोल खुल जाती है।
पांडेय ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार भाजपा शासन में स्वीकृत 14,580 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को आज तक पूरा नहीं कर पाई है। प्रदेश के अधिकांश स्कूलों में खेल शिक्षकों के पद रिक्त हैं। आत्मानंद स्कूल के लिए बजट की व्यवस्था नहीं है। विश्वविद्यालयों के परीक्षा का अता-पता नहीं है। अपराध में आज आन रिकॉर्ड छत्तीसगढ़ बिहार से आगे चला गया है। खेल प्राधिकरण का गठन किया गया है, परंतु इसकी बैठक आज तक नहीं हो पाई है। रोजगार न मिलने से छत्तीसगढ़ के युवा डिप्रेशन में आकर नशे के चुंगल में फंस गए हैं। केंद्र से मिले खेलगड़ी मद का एक भी पैसा छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इससे युवा खिलाड़ी अपने आप को छला महसूस कर रहे हैं। राज्य की लापरवाही से भाजपा शासनकाल में बने रायपुर व जशपुर के एस्ट्रोटर्फ खराब हो रहे हैं। पीएम मोदी के खेलो इंडिया का प्रभाव है कि कॉमनवेल्थ गेम में देश ने सबसे ज्यादा 61 पदक जीते हैं।
पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार युवाओं से किए वादे के मुताबिक रोजगार व शिक्षा नहीं दे पा रही है। राज्य सरकार ने कहा था कि प्रदेश में रिक्त 1 लाख पदों पर भर्ती की जाएगी, लेकिन एक हजार से ज्यादा भर्ती नहीं की गई है। पुलिस विभाग के सब इंस्पेक्टर व आरक्षक पदों पर भर्ती को निरस्त कर दिया गया है। भाजपा शासनकाल में 67 इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले गए थे। इन स्कूलों में स्वामी आत्मानंद स्कूल का बोर्ड लगाकर राज्य सरकार वाहवाही लूट रही है। महिलाओं को रोजगार व उचित शिक्षा नहीं मिलने से छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन गया है, जिसे राज्य के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू खुद स्वीकार कर रहे हैं।
प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा कि गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू जिले में अपराधों की समीक्षा बैठक में सटोरियों, अवैध शराब विक्रेताओं सहित अन्य सामाजिक बुराइयों में लिप्त लोगों की सूची लेकर शामिल होते हैं। इन अपराधों की जानकारी पुलिस थाना के अधिकारियों को जानकारी नहीं है, लेकिन गृहमंत्री को अचानक इन अपराधों का ज्ञान हो जाता है। यह प्रदेश के कानून व्यवस्था पर बड़ा प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है। मीडिया से बातचीत के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, महामंत्री ललित चंद्राकर, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी केएस चौहान, दुर्ग संभाग भाजयुमो प्रभारी संजीव नारायण ठाकुर, जिला भाजयुमो अध्यक्ष नितेश साहू भी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
