द सीजी न्यूज
दुर्ग। महेश कॉलोनी में पिछले 9 दिनों से चल रहे नवधा रामायण पारायण पाठ और विष्णु ऋषिकेश महायज्ञ का विश्राम रविवार को हुआ। इस अवसर पर दोपहर के समय श्रीराधाकृष्ण मंदिर के समीप बने यज्ञ कुंड में पूर्णाहुति समर्पित की गई। आचार्य पं. पवन द्विवेदी के सानिध्य में विद्वान पंडितों ने पूरे 9 दिनों में महायज्ञ में 1 लाख 60 हजार आहुतियां डाली।
दोपहर 2 बजे से रामायण पाठ शुरू हुआ। पं. गिरधर गोपालजी असोपा और पं. सुशीलजी असोपा जोधपुर वालों के सानिध्य में 2 हजार से ज्यादा भक्तों ने एक साथ बैठकर उत्तरकांड का पाठ किया। विश्राम के बाद रात 8 बजे 108 दीपों और थाल से रामायणजी की महाआरती की गई। इस दौरान भक्तों का उत्साह चरम पर रहा। जो भक्त 8 दिनों तक पाठ में शामिल नहीं हो पाए थे, उन्होंने अंतिम दिन पहुंचकर धर्मलाभ लिया। करीब 3 हजार से अधिक भक्तों के भंडारा का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चला।
श्रीराधाकृष्ण मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि काेरोना काल के बाद लोगों में अपनी सनानत संस्कृति और रामायण पाठ के प्रति आस्था और भी बढ़ गई है। इसी का परिणाम रहा कि पूरे 9 दिनों तक रोजाना हजारों की संख्या में भक्त पाठ के लिए पहुंचे। आयोजन में मंदिर समिति के अलावा विभिन्न समाज से जुड़े युवाओं ने सहयोग दिया। आने वाले समय में इस भक्तिमय आयोजन और भी भव्य बनाया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
