Breaking News

कोरोना वैक्सीनेशन के साथ लोगों को संक्रमण से बचाने जागरूकता अभियान जारी

द सीजी न्यूज

दुर्ग। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए टीके का प्रीकॉशन डोज बेहद कारगर है। इसका प्रचार-प्रसार करते हुए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और यूनिसेफ के तत्वाधान में जिले में कोविड टीकाकरण और प्रीकॉशन डोज के बारे में विभिन्न जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। निःशुल्क टीकाकरण अभियान 30 सितंबर तक चलेगा।

जन-जागरूकता की पहल करते हुए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और यूनिसेफ द्वारा जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेपी मेश्राम, कोविड-19 नोडल अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे, डीपीएम पद्माकर शिंदे और यूनिसेफ की जिला कार्यक्रम प्रबंधक निशा सोनी की उपस्थिति में सर्वसमाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए टीके के महत्व तथा इस दिशा में जन-जागरुकता के प्रयासों पर चर्चा की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेपी मेश्राम ने कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए टीके का प्रिकॉशन डोज बेहद कारगर है। भीड़ वाले स्थानों पर जाने से पहले मास्क लगाने, समय-समय पर हाथों को सैनेटाइज करने और सोशल डिस्टेंसिंग का नियमतः पालन करना जरूरी है, ताकि कोरोना संक्रमण से बचा जा सके। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर कोरोना नियंत्रण के प्रयासों के तहत जिले में अब तक प्रथम डोज की दृष्टि से 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग में 98 प्रतिशत और द्वितीय डोज में 96 प्रतिशत सफलता हासिल की गई है। फिर से वृहद पैमाने पर टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। अभियान में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लगभग 8.59 लाख पात्र हितग्राहियों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रिकॉशन डोज देने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान में प्रिकॉशन डोज को प्राथमिकता में रखा गया है।

बैठक में निशा सोनी ने कहा कि कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए टीकाकरण के साथ ही जन-जागरुकता भी बहुत आवश्यक है। लापरवाही के कारण कोरोना संक्रमण की दर में अचानक बढ़ोतरी हो रही है। कोरोना संक्रमण के खतरे के बावजूद लापरवाह लोग भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर भी मास्क का उपयोग नहीं करते, जबकि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए कोरोना टीके के आवश्यक डोज के साथ ही शासन द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइन का पालन करना भी जरूरी है।

बैठक में हिंदू समाज, कुर्मी समाज, साहू समाज, जैन समाज, महाराष्ट्र मंडल, सिन्हा समाज, क्रिश्चियन समाज, मुस्लिम समाज, उत्कल समाज और तृतीय लिंग समुदाय के सदस्यों के साथ जिले के गैर शासकीय संस्थाओं के प्रमुख लोग उपस्थित थे। मौजूद लोगों ने कोरोना संक्रमण से बचाव की दिशा में जन-जागरूकता के लिए यथासंभव सहयोग देने का संकल्प लिया।

Check Also

हार्ट अटैक के उपचार में लगने वाला महंगा इंजेक्शन भी सरकारी अस्पताल में निशुल्क

एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट ( एसीआई) में हृदय रोगियों को जीवनरक्षक और आधुनिक दवाओं की निःशुल्क …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!