- अक्टूबर माह से शुरू होगी खेल प्रतियोगिताएं
- छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा शानदार अवसर
द सीजी न्यूज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्थानीय और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों का आयोजन अगले माह अक्टूबर से शुरू होगा। खेलों के आयोजन की तैयारियों के लिए आज मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू और अपर मुख्य सचिव खेल विभाग रेणु जी पिल्ले शामिल हुई।
छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2022-23 के सफल आयोजन के लिए मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण और नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेलों की प्रतियोगिताएं 6 स्तर पर आयोजित होंगी। इसमें राजीव युवा मितान क्लब, जोन स्तर, विकासखण्ड, जिला, संभाग और राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। प्रतियोगिताएं नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग होंगी। खेल प्रतियोगिताओं के लिए प्रत्येक स्तर पर आयोजन समितियां गठित की जाएंगी, जो खेलों के आयोजन की व्यवस्था, मानिटरिंग और आवश्यक प्रबंधन करेंगी।
छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में छत्तीसगढ़ की खेल विधाओं में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगडी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बाटी (कंचा) बिल्लस, फुगडी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद शामिल हैं। खेल प्रतियोगिताएं महिला और पुरूषों के लिए होंगी। इसमें 18 वर्ष तक आयु के लिए, 18 से 40 वर्ष और 40 वर्ष से अधिक वर्ग के लिए खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को जनवरी 2023 में आयोजित युवा महोत्सव में पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव अलरमेल मंगई डी., राजस्व विभाग के सचिव एन.एन.एक्का, खेल संचालक श्वेता सिन्हा सहित अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
