Breaking News

सड़कों की हालत खराब, ठीक करें एनएच और पीडब्लूडी के अधिकारी : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

  • खुद को सुधारो, वर्ना कार्रवाई होगी 

द सीजी न्यूज 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज रायगढ़ जिले के लैलूंगा में अधिकारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा कि वे कामकाज सुधारें। भूपेश ने कहा कि – जब मुख्यमंत्री आए, तभी काम करना है यह धारणा हटानी होगी। आम नागरिकों, जनता का काम समय पर होना सुनिश्चित करें। बैठक में शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम व विधायक भी उपस्थित रहे।

प्रदेश व्यापी भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में अधिकारियों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करने, जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करते हुए प्राथमिकता से शासन की योजनाओं का फील्ड पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री के विशेष सचिव डॉ एस भारतीदासन, कलेक्टर रानू साहू, पुलिस अधीक्षक भी उपस्थित थे।

आम नागरिकों का काम समय पर होना सुनिश्चित करें 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए अनेक सुविधाएं दी जा रही है। सप्ताह में 5 कार्य दिवस कर दिया गया है। एक अतिरिक्त दिवस की छुट्टी दी जा रही है। पुराने पेंशन लागू कर बुढ़ापे का सहारा दिया जा रहा है। यह धारणा दूर करना होगा कि जब मुख्यमंत्री आए, तभी काम करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों, जनता का काम समय पर होना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्यालय में समय पर उपस्थित सुनिश्चित करने और बेहतर ढंग से काम करते हुए शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन कर जरूरतमंदों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

सड़को की हालत खराब, ठीक करिए

मुख्यमंत्री ने जिले में कई सड़को की हालत जर्जर होने की बात कहते हुए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को सड़क के मरम्मत के निर्देश दिए। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि स्वीकृत सभी सड़को में बारिश के बाद कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

खुद को सुधारिए,नहीं तो कार्यवाही होगी

मुख्यमंत्री ने लैलूंगा में आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से मिली शिकायत के आधार पर क्षेत्र के एसडीएम, तहसीलदार और सीएमओ से सवाल किया कि आप लोग आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के कार्यों को समय करें। आप लोगों की शिकायत है कि समय पर कार्यालय भी नहीं पहुँचते। मुख्यमंत्री के सवाल का जवाब देते हुए एसडीएम सहित अधिकारियों ने अपने कार्यों में सुधार लाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी की शिकायत नहीं आनी चाहिए। कार्यशैली में सभी सुधार लाएं, नहीं तो कार्यवाही की जाएगी।

शिक्षा का स्तर बढ़ाने मॉनिटरिंग करें 

मुख्यमंत्री ने जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का नियमितीकरण के साथ अन्य सुविधाएं दी जा रही है। लगातार शिक्षकों की विद्यालय में उपस्थिति, अध्यापन, मॉनिटरिंग की आवश्यकता है। इस व्यवस्था को बेहतर बनाएं।

गौठान, वन अधिकार पत्र, धान खरीदी, हाथी मूवमेंट सहित जाति प्रमाणपत्र की भी की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने लैलूंगा क्षेत्र में जाति प्रमाणपत्र वितरण की जानकारी ली और समय पर वितरण के निर्देश एसडीएम, तहसीलदार को दिए। उन्होंने जिले में गौठान संचालन, गोबर खरीदी, स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने किए जा रहे कार्यों, सब्जी उत्पादन, नरवा, वन अधिकार पत्र वितरण, हाथी विचरण, धान खरीदी और पटवारियों की मुख्यालय में समय पर उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने यहाँ विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।

Check Also

नुआखाई समृद्ध कृषि परंपरा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और अन्नदाता के परिश्रम का उत्सव : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री ने नुआखाई पर्व की दी हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं THE CG NEWS रायपुर। मुख्यमंत्री …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!