द सीजी न्यूज
कांग्रेस का अनुशासनात्मक डंडा चलना शुरू हो गया है। दुर्ग में शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री प्रकाश भारद्वाज को 6 वर्षों के लिए निलंबित कर दिया गया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल ने प्रकाश को पार्टी की सदस्यता से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है। दरअसल प्रकाश भारद्वाज द्वारा कई महीने से चलाए जा रहे मैसेज और विज्ञापन अभियान में स्वयं को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का सदस्य और दुर्ग विधानसभा से विधायक प्रत्याशी दावेदार बताया जा रहा था। इसे अनुशासनहीनता और पार्टी के नियम कायदों के विपरीत मानते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल ने प्रकाश को 6 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। हालांकि कार्रवाई के पीछे कुछ और वजह भी बताई जा रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार संगठन में अनुशासनहीनता और गुटबाजी पर लगाम कसने की कवायद शुरू हो चुकी है। अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और पार्टी किसी भी हालत में अनुशासनहीनता और गुटबाजी को बर्दाश्त न करने की नीति अपनाई है। पिछला चुनाव गुटबाजी खत्म करके ही लड़ा गया, जिसके कारण भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की एकतरफा जीत दर्ज हुई। चुनाव जीतने के बाद से कई विधानसभा क्षेत्रों में गुटबाजी बढ़ी है। सत्ता का संघर्ष लगातार बढ़ रहा है। इसे नियंत्रित करने के लिए पार्टी में छंटनी अभियान शुरू किया जा रहा है।
खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अनुशासनहीन और गुटबाजी करने वालों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने के निर्देश दिये हैं। दुर्ग शहर सहित कई विधानसभा क्षेत्रों में संगठन के नेताओं ने गुटबाजी को बढ़ावा देना शुरू कर दिया था। दुर्ग में प्रकाश भारद्वाज को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के एक पदाधिकारी का प्रश्रय मिला हुआ था। विधानसभा चुनाव के लिए दावेदार बताने संबंधी मैसेज भी इसी कांग्रेस नेता की शह पर लगातार जारी किया गया। प्रकाश को रायपुर में मुख्यमंत्री के ही एक करीबी रहे संगठन नेता ने भी लगातार शह देने का काम किया।
पार्टी फोरम में इसकी शिकायत होने पर कांग्रेस संगठन ने शहर कांग्रेस संगठन को कार्रवाई करने के निर्देश दिये। पार्टी ने साफ कर दिया है कि गुटबाजी और कांग्रेस को कमजोर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कांग्रेस ने एक गोपनीय सेल का गठन भी किया है जो ऐसे कांग्रेसियों पर नजर रखेंगे और इसकी जानकारी तीन स्तरों पर दी जाएगी। सेल उन लोगों पर खास नजर रखेगी जो पूर्व में कांग्रेस से अंदर-बाहर होते रहे हैं और फिर से स्वयं के स्वार्थों के कारण पार्टी को कमजोर करने की कोशिश में लगे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
