द सीजी न्यूज
भिलाई। पुलिस ने जिले में सक्रिय चैन स्नैचिंग गैंग का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों समेत एक नाबालिग को पकड़ लिया है। आरोपियों से करीब 45 ग्राम सोने के चैन और 10 लॉकेट सहित कुल 6 लाख रुपए का माल और घटना में प्रयुक्त दो बाइक (मूल्य लगभग 1 लाख रुपए) बरामद किया गया है। आरोपियों को टाउनशिप, प्रियदर्शनी परिसर और कुम्हारी में चेन स्नेचिंग की घटनाओं के बाद घेराबंदी कर पकड़ा गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 5 नवंबर से 19 नवंबर के बीच भिलाई और कुम्हारी क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को निशाना बनाकर कई चैन स्नैचिंग की घटनाएं हुई। 5 नवंबर को सेक्टर-1 की सड़क 09, 19 नवंबर को सेक्टर-10 की सड़क 12 और सड़क 23, और 8 अक्टूबर को प्रियदर्शनी परिसर में महिलाओं से चैन छीनी गई थी। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने मॉर्निंग पेट्रोलिंग, नाका बंदी, फिक्स प्वाइंट ड्यूटी और सिविल कपड़ों में पेट्रोलिंग बढ़ा दी थी।
सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की हुई पहचान
सीसीटीवी फुटेज की जांच में संदिग्धों की पहचान होने पर पुलिस ने बीएसयूपी कॉलोनी, कैपिटल सिटी फेस-2, सड्डू रायपुर में दबिश देकर पुरुषोत्तम सिंह ठाकुर, अब्दुल मुकीम और ज्वाला बैरागी को मेस्ट्रो और दो एचएफ डीलक्स के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ज्वाला बैरागी निवासी बैरागी मोहल्ला, पावर हाउस भिलाई ने इन वारदातों में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली।
ज्वाला ने बताया कि वह अपनी बहन के घर रायपुर सड्डू आता-जाता था। वहीं से अपने साथियों अब्दुल मुकीम, पुरुषोत्तम और एक नाबालिग के साथ सुबह भिलाई क्षेत्र में बाइक बदल-बदलकर घूमता था। मौका मिलते ही चैन स्नैचिंग करता था। इस गैंग ने भिलाई टाउनशिप, सुपेला, कुम्हारी के अलावा रायपुर के फाफाडीह और गंज इलाके में भी वारदातों को अंजाम दिया।
पुलिस ने जांच के दौरान सोने के गहने खरीदने वाले राम कृष्ण (निवासी नंदिनी रोड, भिलाई), संचालक किरण ज्वेलर्स, मछली मार्केट के पीछे, पावर हाउस को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चोरी की चैन और लॉकेट को रामकृष्ण के पास बेचते थे। आरोपियों से 3 सोने की चैन, 10 सोने के लॉकेट, सोने की पत्ती और 2 बाइक सहित कुल 7 लाख रुपए का माल जब्त किया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal