THR CG NEWS

जिनके आने से रौशन हुए दो जहां, 

उनके कदमों की बरकत पर लाखों सलाम … 

दुर्ग। आमदे मुस्तफा और जश्ने ईद मिलादुन्नबी के पुरखुलूस मौके पर सीरत पाक कमेटी शहर दुर्ग द्वारा आज 25 अगस्त (मंगलवार) को एक रोज़ा अज़ीमुश्शान जलसा “नेअमते उज़्मा कॉन्फ्रेंस” का आयोजन किया जा रहा है। सीरत पाक कमेटी शहर दुर्ग के सदर सैय्यद अनीस रज़ा ने बताया कि इस रूहानी और इल्मी जलसे में मेहमान-ए-खुसूसी के तौर पर आले नबी, हज़रत अल्लामा मौलाना पीर मुफ़्ती सैय्यद ओहादुद्दीन माज़ अशरफ़ अशरफ़ीउल जिलानी अज़हरी मिस्बाही साहब क़िबला (किछौछा शरीफ़, उत्तर प्रदेश) शिरकत फरमाएंगे और ख़िताब फरमाएंगे। “नेअमते उज़्मा कॉन्फ्रेंस” का जलसा मगरिब की नमाज़ के बाद जामा मस्जिद, दुर्ग में होगा। कमेटी ने शहरवासियों और अकीदतमंदों से बड़ी संख्या में शामिल होकर महफ़िल को कामयाब बनाने की अपील की है।

26 अगस्त को निकलेगा जुलूसे मोहम्मदी

26 अगस्त (बुधवार) को जुलूसे मोहम्मदी निकाला जाएगा। यह जुलूस ज़ोहर की नमाज के बाद दोपहर 2 बजे जामा मस्जिद, दुर्ग से रवाना होगा और शहर के विभिन्न मार्गों से गश्त करते हुए दोबारा जामा मस्जिद पहुँचेगा, जहाँ परचम कुशाई की रस्म अदा की जाएगी। कमेटी ने तमाम आशिकाने रसूल से जुलूस में अनुशासन, अमन और भाईचारे के साथ अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।