Breaking News

जश्ने ईद मिलादुन्नबी : ग्राम कंडरका में एकता और सद्भाव के साथ मनाया विश्व अमन दिवस : जुलूसे मुहम्मदी में जुटे नबी के आशिक, फहराया परचमे इस्लाम

  • जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर सुबह से देर रात तक शहर में जुलूस, लंगर और तकरीर सहित कई आयोजनों की रही रौनक

THE CG NEWS

भिलाई। पैगम्बर हजरत मुहम्मद के जन्मदिन जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर शहर में बुधवार को सुबह से देर रात तक शहर में कई आयोजन हुए। सुबह के वक्त फजर की नमाज के बाद तमाम मस्जिदों, खानकाहों और मदरसों में परचमे इस्लाम फहराया गया। इस दौरान नारा-ए-तकबीर और नारा-ए-रिसालत से आसमान गूंज उठा। सुबह से दोपहर तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया। इस दौरान फातिहा ख्वानी भी हुई।

शहर की तमाम अंजुमनों और मस्जिद कमेटियों की ओर से  जुलूस-ए-मुहम्मदी की शुरुआत बुधवार को दोपहर 2 बजे गौसिया मस्जिद केम्प-1 के पास से हुई। यहां से जुलूस लिंक रोड से होते हुआ केम्प – 2, रजा जामा मस्जिद, मदरसा रोड – शीतला कॉम्प्लेक्स से नंदिनी रोड, फ्लाई ओवर ब्रिज पार कर इक्विपमेंट चौक पहुंचा। इसी तरह हाउसिंग बोर्ड की तरफ से आने वाली अंजुमन फौजी नगर, छावनी चौक, नन्दिनी रोड होते हुए पावर हाउस पहुंची और खुर्सीपार जोन 1/2 व जोन-3 से आने वाली तमाम अन्जुमन पावर हाउस होते हुए इक्विपमेंट चौक पहुंची। यहां से जुलूस सेंट्रल एवेन्यू रोड (पंडित रविशंकर शुक्ल मार्ग) से सेक्टर-5 चौक होते हुए शाम 6 बजे सेक्टर-6 जामा मस्जिद के ईदगाह मैदान में पहुंचा, जहां तमाम मस्जिदों के इमाम और तमाम आशिके नबी के बीच परचमे इस्लाम फहराया गया। जामा मस्जिद सेक्टर-6 ईदगाह मैदान में मगरिब की नमाज के बाद रहमते आलम कॉन्फ्रेंस रखी गई, जिसमें हसन रजा कादरी कोलकाता ने सीरते नबी का बयान किया। इस जलसे की निजामत गुलाम मोहिउद्दीन रजवी ने की। शायरे इस्लाम डॉ. जहीरुद्दीन रहबर सहित तमाम शायरों ने हम्द ओ नात का तोहफा पेश किया।

ग्राम कंडरका में दिखी हिंदु-मुस्लिम एकता की झलक

कुम्हारी के समीपस्थ ग्राम कंडरका में जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर स्थानीय लोगों ने भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की। यहां ग्रामीणों ने ईद मिलादुन्नबी को विश्व अमन दिवस के तौर पर मनाया। आसपास के 20-25 गांव में निवासरत हिंदू-मुस्लिम बिरादरी के लोग जुलूस में शामिल हुए। जुलूस के दौरान नात पाक पेश की गई और फल, बिस्किट व मिठाई का वितरण किया गया। साहित्यकार डॉ. परदेशीराम वर्मा ने बताया कि उनके गांव कंडरका में हिंदु-मुस्लिम एकता की 100 साल से भी पुरानी परंपरा है और यहां हर त्यौहार दोनों समुदाय के लोग मिल कर मनाते हैं।

सेक्टर-7 में सुबह निकला जुलूस

हर साल की तरह इस साल भी सेक्टर-7 में निवासरत मुस्लिम समुदाय की ओर से जश्ने ईद मिलादुन्नबी के सिलसिले में जुलूसे मुहम्मदी निकाला गया। यहां सुबह 8 बजे हाजी सैयद अनवर अली के घर स्ट्रीट-19 मदरसे से जुलूस ए मोहम्मदी निकला जो मार्केट से होता हुआ सड़क नंबर 25, 26, 28 से सड़क नंबर 37 और वहां से  सड़क-30 पंहुचा। यहां से सड़क  32 से होकर सड़क नंबर 29 से होते हुए सड़क 16 पहुंचा और वहां से एवेन्यू से होता हुआ सड़क नंबर 13 ,9 , 8, 7  से होकर मदरसा पहुंचा। यहां फातिहा ख्वानी और परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इसी तरह ताज दरबार जीई रोड साक्षरता चौक के सामने सुबह 10 बजे परचमे इस्लाम फहराया जाएगा। जुलूसे मुहम्मदी के आयोजन में मुजीब, समीर, फैजान, सगीर खान, अशरफ अली, आसिफ हुसैन, आरिफ हुसैन, इसरार अली, हसीबुद्दीन खान, शाहिद खान और आबान खान सहित सेक्टर-7 के  तमाम लोगों की भागीदारी रही।

भिलाई-तीन में भी निकला जुलूसे मुहम्मदी

ईद मिलादुन्नबी पर सैयदी सुन्नी जामा मस्जिद भिलाई-3 में बुधवार को जुलूसे मुहम्मदी निकला। यहां परचम कुशाई की रस्म अदा की गई और फातिहा ख्वानी भी हुई। जुलूस में मदरसों के बच्चों के साथ-साथ तमाम आलिमे दीन नात शरीफ पढ़ते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों से निकले। मस्जिद में दुआए खैर की गई। इन आयोजनों में सैयदी सुन्नी जामा मस्ज़िद भिलाई-3 से रुस्तम खान सदर, नसीम खान सेक्रेटरी, रईस अहमद कैशियर, मोहम्मद तौसीफ , तौहीद खान,अब्दुल हुसैन, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद हाशमी, अबुल हसन, तौसीफ हनफी, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद लतीफ, अजहर खान मोहम्मद हाशमी ,फारूक चौहान, अब्दुल रियाज और अब्दुल लतीफ़ सहित अन्य लोगों का योगदान रहा।

Check Also

गंगरेल के ठेमली द्वीप पर बसा रोमांच का नया संसार, शुरू हुआ आइलैंड कैंपसाइट

एडवेंचर, नेचर और कम्युनिटी टूरिज्म के संगम से पर्यटन को मिली नई दिशा विभिन्न राज्यों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!