THE CG NEWS
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल एवं विशिष्ट अतिथि दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर उपस्थित रहे। सांसद विजय बघेल ने आश्रम परिसर स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर फीता काटकर कार्यालय, पुस्तकालय एवं भोजनालय का लोकार्पण किया। उन्होंने स्व बानू बाई गेडाम के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष प्रकाश गेडाम ने बताया कि आस्था वृद्धा आश्रम आपसी सहयोग व दानदाताओं के योगदान से लगभग 25 वर्षों से संचालित है। वर्तमान में आश्रम में करीब 80 बुजुर्ग निवासरत हैं, जिनमें 50 महिलाएं एवं 30 पुरुष शामिल हैं। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वीकृत 20 लाख रुपये की राशि से नवनिर्मित कार्यालय, पुस्तकालय एवं भोजनालय का निर्माण किया गया है।
सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मानव सेवा को अपना आभूषण मानकर आस्था संस्था वर्षों से जरूरतमंद एवं बेसहारा बुजुर्गों की सेवा कर रही है। स्वर्गीय बानू बाई गेडाम के संस्कारों और आशीर्वाद से यह सेवा कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रकाश गेडाम व उनकी पूरी टीम जिस समर्पण भाव से बुजुर्गों की सेवा कर रही है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि जिन बुजुर्गों का कोई सहारा नहीं है, जिन्हें परिवार ने छोड़ दिया है, ऐसे लोगों को आश्रम में परिवार जैसा स्नेह, सम्मान और अपनापन दिया जाता है। यहां बुजुर्गों की सेवा किसी मंदिर में पूजा करने के समान है। प्रकाश गेडाम स्वयं बुजुर्गों की देखभाल से लेकर उनकी हर जरूरत का ध्यान रखते हैं। एक हजार से अधिक लावारिस शवों का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराना भी उनकी मानव सेवा की भावना को दर्शाता है।
कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया, शंकरलाल देवांगन, प्रभुनाथ मिश्रा, नीमराज वर्मा, दिलेश्वर उमरी व संतोष राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, संस्था के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
