THE CG NEWS
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सीजी पीएससी परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी न होने पर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा है। भूपेश ने कहा कि प्रदेश की निकम्मी सरकार ने छत्तीसगढ़ के युवाओं को अब ये दिन भी दिखा दिया है। CGPSC में 10 वर्षों से चली आ रही परम्परा टूट गई है। CGPSC की राज्य सेवा परीक्षा एकमात्र ऐसी परीक्षा थी, जो अपने निर्धारित समय पर आयोजित होती थी और समय पर संपन्न भी हो जाती थी।
भूपेश ने कहा कि वर्ष 2016 से 2025 तक लगातार दस वर्षों तक संविधान दिवस के अवसर पर ही परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी किया जाता रहा है। इस दौरान वर्ष 2020 और 2021 में कोरोना जैसी विकट परिस्थितियाँ भी आईं, लेकिन CGPSC ने 26 नवंबर की परंपरा को बनाए रखा। लेकिन “संविधान विरोधी भाजपा सरकार” ने यह क्रम तोड़ दिया है।
भूपेश ने कहा कि पिछले लगभग 80 दिनों से CGPSC में अध्यक्ष का पद रिक्त होना बताता है कि युवाओं के प्रति शासन – प्रशासन पूरी तरह अगंभीर है। अभी तक न ही आयोग में पूर्णकालिक अध्यक्ष की नियुक्ति हुई है और न ही किसी को कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है।
भूपेश ने कहा कि लगभग तीन वर्ष पहले आयोग ने स्वयं एक पत्र जारी कर CGPSC का वार्षिक कैलेंडर निर्धारित माह के भीतर जारी करने की बात कही थी लेकिन आज तक वह कैलेंडर जारी नहीं हो पाया है। आज तक CGPSC में कई परीक्षाएँ एवं प्रक्रियाएँ लंबित हैं।
उन्होंने बताया कि CGPSC-2025 का इंटरव्यू, State Engineering Services का इंटरव्यू, Sub Inspector Mains Exam, Assistant Professor परीक्षा का नोटिफिकेशन, और अब CGPSC-2026 का नोटिफिकेशन की प्रक्रिया पेंडिंंग हैं।
भूपेश ने कहा कि प्रदेश की सरकार अपनी PR पर हर रोज एक करोड़ रुपए खर्च कर रही है, लेकिन प्रदेश के 1.25 लाख अभ्यर्थियों और उनके परिवार पर पड़ रहे आर्थिक बोझ की उसे कोई चिंता नहीं है। युवाओं के साथ खिलवाड़ करने वाली भाजपा सरकार को शर्म करना चाहिये।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

