- महापौर ने विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने दिए निर्देश
THE CG NEWS
दुर्ग/ महापौर अलका बाघमार ने आज शहर में चल रहे विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
महापौर ने विभागवार विकास एवं निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, कार्यों की प्रगति, पूर्णता की समय-सीमा तथा कार्यों में आ रही बाधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्वीकृति मिलने के बाद अब तक प्रारंभ न होने वाले कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता के साथ धरातल पर उतारा जाए।
बैठक में लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, सहायक अभियंता गिरीश दीवान, संजय ठाकुर, हरिशंकर साहू, पंकज साहू, मोहित मरकाम, अपर्णा मिश्रा, भारती ठाकुर एवं विकास दमाहे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में पूरा करें, गुणवत्ता से समझौता नहीं
महापौर ने कहा कि शहर में सड़क, नाली, पुलिया, भवन, उद्यान व अन्य अधोसंरचना संबंधी कार्य नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं और शहर के विकास से सीधे जुड़े हैं। प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग होनी चाहिये। निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए। जिन कार्यों की गति धीमी है, उनमें संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर तेजी लाएं और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता तथा निर्धारित तकनीकी मापदंडों का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी विकास एवं निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण हों, ताकि नागरिकों को लंबे समय तक बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
पेयजल व्यवस्था एवं पाइपलाइन विस्तार कार्यों की समीक्षा
बैठक में लोक कर्म विभाग, जल कार्य विभाग, जल विभाग, अधोसंरचना एवं 15वें वित्त आयोग सहित विभिन्न मदों से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई। महापौर ने जल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के साथ पाइपलाइन से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन विस्तार, सुधार अथवा अन्य आवश्यक कार्य किए जाने हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को पेयजल संबंधी परेशानी न हो।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
