द सीजी न्यूज
भिलाई नगर। शहरी आजीविका मिशन के सभी मापदंडों के अनुरूप कार्य करने के कारण भिलाई नगर निगम पूरे प्रदेश में अन्य निगमों से अव्वल रहा है। उल्लेखनीय कार्य के लिए मुख्यमंत्री द्वारा भिलाई नगर निगम को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सामाजिक गतिशीलता और संस्थागत विकास के लिए भिलाई को द्वितीय स्थान मिला। उत्कृष्टता के क्षेत्र में पीएम स्वनिधि योजना और पीएम स्वनिधि से समृद्वि योजना के लिए उत्कृष्ट पुरस्कार से भिलाई निगम को सम्मानित किया गया है। अलग-अलग क्षेत्र में कुल चार पुरस्कार मिले हैं, जो भिलाई शहर के लिए गौरव का बात है । निगम भिलाई अजीविका के क्षेत्र में कार्य की गतिशीलता और अच्छे संचालन के लिए बेहतर रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम भिलाई क्षेत्र में शहरी अजीविका मिशन के कार्यो को शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशो के अनुसार संपादित किया जा रहा है। शहरी क्षेत्र के महिलाओं का समूह बनाकर उनको आत्मनिर्भर बनाना इस मिशन का उद्देश्य है। ताकि, उनका व उनके परिवार का जीवन स्तर बेहतर हो सके। वर्तमान में नगर निगम भिलाई में 3 मिशन मैनेजर, 23 सीओ, लगभग 4000 महिला समूह कार्यरत हैं। इनके माध्यम से नगर निगम भिलाई क्षेत्र की 2011 की जनगणना के अनुसार 2,50,413 महिलाओं को प्रेरित कर जीवन स्तर को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है।
भिलाई नगर निगम की उपलब्धि पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, महापौर नीरज पाल ने शहरी आजीविका मिशन की टीम को बधाई दी है। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय, मिशन मैनेजर अमन पटले, नलनी तनेजा, एकता शर्मा ने यह सम्मान प्राप्त किया।