
- विधानसभा में ’’उत्कृष्टता अलंकरण समारोह’’ आयोजित
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राज्यपाल अनुसुईया उइके आज छत्तीसगढ़ विधानसभा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रेक्षागृह में आयोजित ’’उत्कृष्टता अलंकरण समारोह’’ में शामिल हुईं। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मंत्रीगण, संसदीय सचिव व विधायक उपस्थित थे। अलंकरण समारोह में वर्ष 2019 के लिए उत्कृष्ट विधायक की श्रेणी में अरूण वोरा और सौरभ सिंह, उत्कृष्ट पत्रकार श्रेणी में सुरेन्द्र शुक्ला, मोहन तिवारी, कैमरामेन दीपक साहू, वर्ष 2020 के लिए उत्कृष्ट विधायक श्रेणी में कुलदीप जुनेजा और विधायक नारायण चंदेल, उत्कृष्ट पत्रकार श्रेणी में स्व. राजादास, आर.के. गांधी, कैमरामेन दिलीप कुमार सिन्हा को सम्मानित किया गया। स्व. राजादास की पत्नी ने यह सम्मान ग्रहण किया। कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों ने वरिष्ठ पत्रकार स्व. राजादास को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

राज्यपाल ने कहा कि संसदीय प्रणाली में ईमानदारी और कर्त्तव्य निष्ठा के साथ कार्य करने वाले और जनहित के प्रति समर्पित रहने वाले जनप्रतिनिधियों को इसका प्रतिफल जरूर मिलता है। विधानसभा के माध्यम से निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जनता की सेवा करने का अवसर मिलता है।

समारोह में पुरस्कृत उत्कृष्ट विधायकों, उत्कृष्ट संसदीय पत्रकारों व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रिपोर्टर को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि समारोह में शामिल होकर मुझे पुराने दिनों की याद ताजा हो गई। जब वे मध्यप्रदेश विधानसभा में विधायक थी, तब उन्हें तत्कालीन राज्यपाल बलराम जाखड़ ने जागरूक विधायक के सम्मान से पुरस्कृत किया था। उस समय प्रदेश के वरिष्ठ राजनेताओं के साथ काम करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन सभी के मार्गदर्शन और सीख की बदौलत आज मुझे विभिन्न दायित्वों के साथ छत्तीसगढ़ के राज्यपाल बनने का अवसर प्राप्त हुआ।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज पुरस्कृत हुए सभी विधायक और पत्रकार बंधु समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि सारे सम्मानित लोग अपने परिवार के कुल दीपक हैं। इसी प्रकार वे अपने कुल, प्रदेश और देश का नाम रोशन करते रहेंगे, ऐसी आशा है। महंत ने राज्यपाल को दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी।



मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उत्कृष्ट विधायकों और पत्रकारों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि एक विधायक के लिए निर्वाचित होना और निर्वाचन के बाद विधानसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना और उस प्रदर्शन को निरंतर बनाए रखना एक चुनौती है। एक विधायक अपने क्षेत्र की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को विधानसभा में रखता है और उनका समाधान भी होता है। एक विधायक के लिए संसदीय जीवन में उत्कृष्ट विधायक का पुरस्कार पाना एक बड़ी उपलब्धि होती है। पत्रकारों को समय, गुणवत्ता, संतुलन बनाए रखने की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उनके लिए भी उत्कृष्ट पत्रकारिता का पुरस्कार पाना एक उपलब्धि है।


कार्यक्रम को नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी संबोधित किया। संसदीय कार्य मंत्री रविन्द्र चौबे ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में राज्यपाल को प्रतीक चिन्ह प्रदान करते हुए उनके दो वर्ष के कार्यकाल पूर्ण करने पर बधाई और शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर सांसद ज्योत्सना महंत, विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज कुमार मंडावी, मंत्रीगण, संसदीय सचिवगण, विधायकगण, विधानसभा के प्रमुख सचिव चन्द्रशेखर गंगराड़े व मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal