
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज भिलाई नगर निगम द्वारा आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में राजीव गांधी आश्रय योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ शासन आम जनता के बुनियादी सरोकारों को समझते हुए कार्य करती है। राजीव गांधी आश्रय योजना के अंतर्गत हितग्राहियों के लिए पट्टा वितरण की योजना के तहत पट्टे दिये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिक सुविधाओं में वृद्धि शासन की प्राथमिकता में शामिल है। निगम क्षेत्रों में तेजी से नये कार्य स्वीकृत किये जा रहे हैं। लोगों के फीडबैक के मुताबिक नगरीय क्षेत्रों में योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आज हितग्राहियों को नया पट्टा मिला है और नवीनीकृत पट्टों का वितरण भी किया गया।
आज मुख्यमंत्री द्वारा 372 हितग्राहियों को दो लाख साठ हजार चार सौ वर्ग फीट का नवीन पट्टा और 306 हितग्राहियों को 56 हजार 770 वर्गफीट का नवीनीकृत पट्टा वितरित किया गया। जिले में इस योजना के अंतर्गत 2329 नागरिकों को नौ लाख 98 हजार वर्गफीट नवीन पट्टा वितरित किया गया है और 6285 पट्टों का नवीनीकरण किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरू रूद्र कुमार, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, सांसद छाया वर्मा और फूलोदेवी नेताम, संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी, मुख्यमंत्री के सलाहकारद्वय विनोद वर्मा और रुचिर गर्ग, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू उपस्थित थे।
भिलाई नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम में विधायक देवेन्द्र यादव, छत्तीसगढ़ अन्त्यावसायी सहकारी वित्त विकास निगम की उपाध्यक्ष नीता लोधी, पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी व अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे, आयुक्त नगर निगम भिलाई ऋतुराज रघुवंशी व हितग्राहीगण उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal