• राजधानी की यातायात व्यवस्था व्यवस्थित करने 28 करोड़ खर्च कर बनाया गया है मल्टी लेवल पार्किंग
  • कलेक्टर कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों में आने वालों को मिलेगी सुलभ पार्किंग व्यवस्था
  • 450 चार पहिया वाहनों और 200 दोपहिया वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती पर राजधानी रायपुर में कलेक्टोरेट परिसर के पास मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण कर आज राजधानीवासियों को एक नई सौगात दी है। रायपुर शहर में यातायात  व्यवस्थित करने, रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने शहर का दूसरा मल्टीलेवल पार्किंग तैयार किया है, जिसमें 450 चार पहिया और 200 दोपहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था है।

आधुनिक नगर योजना का उदाहरण बनेगा मल्टीलेवल पार्किंग

मल्टी लेवल पार्किंग 28 करोड़ रुपये की लागत से 17792 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्प्रिंगनुमा आकार में न्यूनतम क्षेत्रफल का समुचित उपयोग कर अधिकतम वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था के लिये बनाया गया है। यह बहुमंजिला परिसर आधुनिक नगर योजना का सबसे अच्छा उदाहरण साबित होगा।
रायपुर की ऐतिहासिक धरोहर कलेक्टोरेट परिसर, टाउन हॉल और नवनिर्मित ऑक्सीजोन गार्डन व स्मार्ट रोड के मध्य स्थित यह परिसर अपनी उपयोगिता से शहर को एक नई पहचान देगा। परिसर के संचालन का फाइनेंशियल मॉडल भी तैयार किया गया है। नगरीय निकाय को आगामी 5 वर्ष में लगभग 83.55 लाख रुपये की राजस्व आय प्राप्त होगा।
बहुमंजिला पार्किंग परिसर के प्रारंभ होने से कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित यहां कई अन्य शासकीय कार्यालयों में अपने वाहन से पहुंचने वाले नागरिकों को पार्किंग सुविधा मिलेगी। इसके पहले जय स्तंभ चौक में पहले मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण फरवरी-2019 में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया था।
कलेक्टोरेट परिसर के समीप नवनिर्मित इस छह मंजिला भवन के ऊपरी तल में रेस्टोरेंट भी संचालित होगा, जहां से शहर की भव्यता दिखाई देगी। परिसर के उपरी तल से ऑक्सीजोन प्रक्षेत्र, नगर घड़ी चौक, नगर निगम मुख्यालय, बैरन बाजार, सेंट पॉल गिरजाघर, राजा तालाब मस्जिद का गुंबद भी दिखाई देते हैं। रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा कोराना काल की विषम परिस्थितियों के बावजूद 26 माह की अवधि में यह कार्य योजना पूरी की गई। परिसर अपने आधुनिक निर्माण कौशल से यातायात प्रबंधन के लिए लाइट हाउस के रूप में जाना जाएगा।

लोकार्पण के अवसर पर कृषि मंत्री व रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री रविंद्र चौबे, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया, राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, नगर निगम रायपुर के महापौर एजाज ढेबर, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, सभापति प्रमोद दुबे, अन्य जन प्रतिनिधिगण, कलेक्टर सौरभ कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव, नगर निगम के आयुक्त प्रभात मलिक उपस्थित थे।