Breaking News

सक्षम बिटिया अभियान शुरू : बिना रुकावट बालिकाओं की शिक्षा के लिए चलेगा केंपेन

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

राजनांदगांव जिला प्रशासन द्वारा सक्षम बिटिया अभियान का शुभारंभ आज शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में कार्यक्रम की शुरूआत की गई। डिप्टी कलेक्टर डॉ. दीप्ति वर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह नीति आयोग का फ्लेगशिप कार्यक्रम है, जो पिरामल फाउंडेशन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम बालिकाओं को सामाजिक, मनोवैज्ञानिक, नैतिक रूप से सीखने की प्रक्रिया में उन्हें सक्षम बनाएगा। सभी संबंधित विभाग शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आईसीडीएस, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, समाज कल्याण विभाग सक्षम बिटिया अभियान का सफल क्रियान्वयन करें। इस योजना का क्रियान्वयन नीति आयोग द्वारा नियुक्त दो गांधी फैलो द्वारा किया जा रहा है।

जिला शिक्षा अधिकारी एचआर सोम ने कहा कि बेटियों को सक्षम होना जरूरी है। शासन की योजनाएं बेटियों को मजबूत बना रही हैं। बालिकाओं की शिक्षा बाधित न हो और वे आगे भी अपनी पढ़ाई जारी रखें, इसके लिए शासन स्तर पर यह प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर पिरामल फाउंडेशन के गांधी फैलोशिप के सदस्यों और बालिकाओं द्वारा ज्ञानवर्धक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में डीएमसी भूपेश साहू, बीआरसी श्रीवास्तव, श्री सृजन स्वयं सेवी संस्था, व्याख्याता हसन सिद्दिकी, सहायक शिक्षक चंद्रकांत साहू और नीति आयोग द्वारा नियुक्त पिरामल फाउंडेशन के गांधी फैलो आकांक्षा व निधि उपस्थित थे।
आपको बता दें कि राजनांदगांव जिला आकांक्षी जिला है और यहां भारत शासन के नीति आयोग व पिरामल फाउंडेशन के सहयोग से जिले के लिए संचालित आकांक्षी जिला कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। विशेष कर स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा के क्षेत्र में कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश के सभी आकांक्षी जिलों में 6 हजार बालिकाओं को सहयोग करने का लक्ष्य रखा गया है। सक्षम बिटिया अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को स्वयं के प्रति और अपने आसपास के वातावरण के लिए समझ विकसित करने में सक्षम बनाना है, ताकि वे मजबूत बन सके और उनमें सहयोग तथा सहानुभूति की भावना, रचनात्मकता का विकास हो सके। शालाओं के बंद होने के दौरान सीखने की अभिरूचि में कमी और स्कूल खूलने पर स्कूल न जाने की अनिच्छा से शिक्षा में बाधा आती है। शाला त्यागी बालिकाओं में कमी लाने की दिशा में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण साबित होगा। इस अभियान के तहत परिवार, समुदाय में व्यक्तियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। बालिका शिक्षा के प्रति जागरूकता लाने और उनकी शिक्षा में आ रही बाधा को दूर करने की दिशा में कार्य किए जाएंगे।

Check Also

ग्रामीण क्षेत्र में बने 123 अमृत सरोवरों के तट पर मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस

द सीजी न्यूज दुर्ग/ जिले के 123 अमृत सरोवरों के तट पर 15 अगस्त को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!