
- अब आसानी से लोगों को मिलेगी सस्ती दवा, खर्च का बोझ होगा कम
- नागरिकों को मिलेगी सौगात : हेमा देशमुख
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
राजनांदगांव / प्रदेश के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता की जेनेरिक दवाईयां सस्ती दर पर सुलभता से उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री सस्ती दवा दुकान योजना छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रारंभ की जा रही है। योजना का शुभारंभ 20 अक्टूबर को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किया जाएगा। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में राजनांदगांव जिले के नगरीय निकायों में धनवंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर प्रारंभ किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सस्ती दवा योजना प्रारंभ करने पर महापौर हेमा सुदेश देशमुख ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त किया है।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देश पर जिले के नगरीय निकायों में नगर पालिका परिषद खैरागढ़ और डोंगरगढ़ में 1-1 दुकान, नगर पंचायत डोंगरगांव , अम्बागढ़ चौकी, छुरिया, छुईखदान व गंडई में 1-1 दुकान और नगर निगम सीमा क्षेत्र में 2 दुकान प्रारंभ किया जाना है। इसमें से 5 दुकान राजनांदगांव, डोंगरगढ़, खैरागढ़ व डोंगरगांव मेें दुकानों के लिए निविदा दर प्राप्त हो गई है। 20 अक्टूबर से दुकानें संचालित की जाएगी और शेष नगरीय निकायों की 4 दुकानों के लिए द्वितीय निविदा आमंत्रित की गई है। निविदा प्राप्त होते ही वहां भी दुकानें संचालित की जायेगी।
नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि छत्तीसगढ़ में नागरिकों को सुगमता से स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने शासन द्वारा मुख्यमंत्री सस्ती दवा दुकान योजना के अंतर्गत धनवंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर के माध्यम से लोगों को आधी कीमत में दवा उपलब्ध कराई जाएगी। राजनांदगांव निगम सीमा क्षेत्र में दो स्थानों पर रेल्वे स्टेशन टेक्सी स्टैण्ड के पास और कमला कालेज रोड हाउसिंग बोर्ड कालोनी के पास 20 अक्टूबर से धनवंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर प्रारंभ हो जाएगी।
मरीजों को अधिकतम खुदरा बिक्री मूल्य (एमआरपी) में 50 प्रतिशत से अधिक छूट दी जायेगी। दुकानों में देश की ख्याति प्राप्त कम्पनियों की जेनरिक दवाईया सुगमता से उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा आम बीमारी सर्दी, खांसी, बुखार सहित गंभीर बीमारियों की दवाईयां भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि धनवंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर के माध्यम से अब लोगों को सस्ती दवाईयां आधी कीमत में सुगमता से मिल जाएगी।
नागरिकों को मिली सौगात – हेमा देशमुख
महापौर हेमा देशमुख ने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के कारण जन-धन की हानि को देखते हुए विभिन्न प्रकार की जांचों और दवाईयों की सुलभ व सस्ती वैकल्पिक व्यवस्था की आवश्यकता है। लोगों में जेनरिक दवाईयों की मांग भी बढ़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना प्रारंभ की है जिसके तहत मोबाईल यूनिट के माध्यम से इलाज की व्यवस्था मुहैया कराई गई है। अब प्रदेश के नागरिकों को सस्ती दवा उपलब्ध कराने मुख्यमंत्री सस्ती दवा दुकान योजना प्रारंभ की जा रही है। महापौर ने मुख्यमंत्री सस्ती दवा दुकान योजना प्रारंभ करने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त किया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal