Breaking News

राहुल गांधी के रणनीतिक सलाहकार सचिन राव के साथ मुख्यमंत्री ने किया प्रमुख योजनाओं का अवलोकन : सियासी चर्चाएं तेज

  • सियासी हलकों में अटकलें : सचिन राव की रिपोर्ट के आधार पर तय होगा राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ आगमन का कार्यक्रम

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

राहुल गांधी के रणनीतिक सलाहकारों में से एक कांग्रेस के प्रशिक्षण प्रमुख सचिन राव मंगलवार को अचानक रायपुर पहुंचे। राव के आगमन को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वरिष्ठ मंत्री रविंद्र चौबे और मोहम्मद अकबर के साथ एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। बताया जा रहा है कि वे नवा रायपुर में प्रस्तावित सेवाग्राम आश्रम की जमीन और योजना की जानकारी लेने के साथ ही राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों को देखने आए हैं। आज दिन भर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सचिन राव के साथ रहे। सचिन राव को सेवाग्राम के अलावा अलग-अलग योजनाओं के तहत हुए कार्यो को दिखाया गया। इस दौरान वरिष्ठ मंत्रिगण मोहम्मद अकबर, रविंद्र चौबे, डॉ शिव डहरिया सहित प्रमुख अफसर मौजूद रहे।

एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और सचिन राव नवा रायपुर रवाना हुए। उन्होंने सेवाग्राम बसाए जाने की योजना का जायजा लिया। बाद में राजधानी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में अध्यापन की व्यवस्था और नवाचार को देखा। इसके साथ ही संजीवनी केंद्र का जायजा भी लिया। पारागांव में बनाए गए गौठान का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सचिन राव के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने स्व-सहायता समूहों द्वारा गौठानों में स्थापित किए गए रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में की जा रही आर्थिक गतिविधियों का जायजा लिया।

इस घटनाक्रम को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसे छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के फार्मूले से जोड़कर देखा जा रहा है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार पिछले महीने चले सत्ता संघर्ष के दौरान कांग्रेस विधायकों के दिल्ली कूच करने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिल्ली में कहा था कि शीघ्र ही राहुल गांधी छत्तीसगढ़ आएंगे और यहां हो रहे राज्य सरकार के कार्यों का जायजा लेंगे। इसके बाद राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदलते गए और राहुल गांधी का प्रवास टलता गया।

आज राहुल गांधी की रणनीतिक टीम के प्रमुख सदस्य सचिन राव के अचानक आगमन और राव के साथ दिन भर सीएम की मौजूदगी को उसी घटनाक्रम से जोड़ा जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि छत्तीसगढ़ सरकार के कार्यों और उपलब्धियों को लेकर सचिन राव अपनी रिपोर्ट राहुल गांधी को देंगे। इसी आधार पर राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ आगमन का कार्यक्रम तय किया जाएगा।     

Check Also

पर्युषण पर्व : आत्मशुद्धि, अहिंसा और क्षमा का महापर्व : डा. मणिभद्र मुनि

पर्युषण पर्व का श्रमण संघ परिवार ने किया तप साधना से स्वागत-अभिनंदन महिलाएं पीली साड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!