- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करेंगे
- रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे आयोजित होगा भव्य उद्घाटन समारोह
- राज्यपाल अनुसुईया उइके 28 अक्टूबर की रात 8 बजे आयोजित कार्यक्रम में होंगी मुख्य अतिथि
- पंजाब के मुख्यमंत्री एस.चरणजीत सिंह चन्नी 29 अक्टूबर के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 28 अक्टूबर को पूर्वान्ह 11 बजे ‘राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव’ एवं ’राज्योत्सव 2021’ का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके 28 अक्टूबर को रात्रि 8 बजे आयोजित ‘राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव’ के कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होंगी। अगले दिन 29 अक्टूबर को शाम 8 बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री एस.चरणजीत सिंह चन्नी मुख्य अतिथि होंगे। महोत्सव में राष्ट्रीय स्तर के अनेक जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
‘राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव’ एवं ’राज्योत्सव 2021’ का आयोजन 28 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक किया जा रहा है। 28 से 30 अक्टूबर तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव, 31 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा प्रियदर्शिनी गांधी और पूर्व उप प्रधानमंत्री लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल पर केन्द्रित प्रदर्शनी व संगोष्ठी और 1 नवम्बर को राज्य अलंकरण व राज्योत्सव समापन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। सभी कार्यक्रम रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित किए जाएंगे।
रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 28 अक्टूबर को आयोजित उद्घाटन समारोह में राज्यसभा सांसद के.सी वेणुगोपाल, पी.एल. पुनिया, बी.के. हरिप्रसाद, लोकसभा सांसद अधीर रंजन चौधरी, छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व केन्द्रीय मंत्री भक्तचरण दास और वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला अति विशिष्ट अतिथि के रुप में शामिल होंगे।
समारोह में राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, राज्य के सभी सांसद, विधायक, संसदीय सचिव, निगम, मंडल, आयोग, जिला पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और नगर निगमों के महापौरों की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव 2021 अंतर्गत 28 अक्टूबर को रात्रि 8 बजे आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके मुख्य अतिथि होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal