Breaking News

सबसे नोबल करियर में से एक है एयरफोर्स, इस ओर आगे बढ़ने के लिए युवाओं को देंगे हरसंभव मदद – कलेक्टर

  • भोपाल से आए एयरफोर्स के अधिकारियों ने बच्चों को बताया : कैसे ज्वाइन करें एयरफोर्स   
  • दसवीं और बारहवीं के बाद उपलब्ध करियर के संबंध में किताब जारी करेगा जिला प्रशासन, इसमें तमाम उपलब्ध आप्शन की होगी जानकारी
  • मोटिवेशनल स्पीकर भी आएंगे और करियर ओरिएंटेशन को देंगे बढ़ावा

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

दुर्ग / एयरफोर्स में करियर कैसे बनाएं और यहां नियुक्ति के लिए किस तरह के अवसर हैं ? यह जानकारी देने आज भोपाल से एयरफोर्स की टीम पहुंची। खालसा स्कूल में ओरिएंटेशन प्रोग्राम रखा गया। इस मौके पर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने कहा कि आपके सामने उपलब्ध सबसे अच्छे प्रोफेशन में से एक एयरफोर्स है। हर बच्चे के मन में उड़ान भरने की इच्छा होती है। देश की सेवा एयरफोर्स के माध्यम से करना,  करियर के सबसे अच्छे विकल्पों में से एक हो सकता है। कार्यशाला में 500 बच्चों ने हिस्सा लिया।

बच्चों से कलेक्टर ने कार्यशाला में सीखी बातों के बारे में प्रश्न भी पूछे। बच्चों ने बताया कि यह सेशन बहुत अच्छा रहा। इस तरह के और भी कार्यक्रम होने पर हमारी जागरूकता और बढ़ेगी। अपर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल और उपसंचालक जनशक्ति नियोजन राजकुमार कुर्रे सहित अन्य अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

मोटिवेशनल स्पीकर आएंगे और करियर ओरिएंटेशन पर करेंगे काम

कलेक्टर ने कहा कि करियर के क्षेत्र में और मोटिवेशन के क्षेत्र में कार्य करने वाले विशेषज्ञों के सेमीनार के माध्यम से बच्चों का ओरिएंटेशन किया जाएगा। जिला प्रशासन दसवीं और बारहवीं के बाद उपलब्ध करियर आप्शन और इसे प्राप्त करने के उपायों के संबंध में एक किताब भी प्रकाशित करेगा। करियर के लिए सलाह देने हर स्कूल में काउंसलर रहेंगे जो बच्चों को इस संबंध में उनकी रुचि और एकेडमिक करियर के मुताबिक सलाह देंगे।

करियर का सबसे महत्वपूर्ण फंडा

कलेक्टर ने बच्चों से कहा कि करियर का सबसे महत्वपूर्ण फंडा यह है कि अपने सिलेबस को सबसे बेहतर तरीके से पढ़ें। उन्होंने कहा कि सिलेबस इस तरह से डिजाइन किया जाता है कि सबसे महत्वपूर्ण तथ्यों और विचारों की जानकारी बच्चों तक मिल सके। सामान्यतः प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्य जागरूकता से संबंधित विषय आते हैं और प्रायः हायर सेकेंडरी तक इसकी पढ़ाई कर ली जाती है। सिलेबस को अच्छे से पढ़ने से बहुत बेहतर करियर प्राप्त करने की दिशा में सहयोग मिलता है।

Check Also

वोरा ने सरकार से किया सवाल – बच्चे पढ़ें या जान बचाएं ? 

स्कूलों में सुरक्षा और किताबों की कमी पर अरुण वोरा ने सरकार को घेरा THE …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!