
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / दीपावली के अवसर पर घर के प्रवेश द्वार में धान की बालियों से बने सुंदर फाते या झूमर लगाए जाते थे और यह खूबसूरत झूमर की तरह अपनी पीली आभा में चमकते रहते थे। शहरों में फाता मिलने बंद हो गए और यह परंपरा भी नष्ट होती गई। इस बार जिला पंचायत परिसर में सजे बिहान बाजार में फाता सहित अन्य त्यौहारी सामग्री के स्टाल सजे हैं। बिहान बाजार में 106 स्व-सहायता समूहों ने स्टाल लगाए हैं।

आस्था स्व-सहायता समूह चिरकोटी की सदस्यों ने कहा कि हमने धान की झूमर बनाई है। इससे दीवाली की खूबसूरती तो बढ़ती ही है। बहुत सारी चिड़िया धान का दाना लेने आती हैं जिससे बहुत खूबसूरत दृश्य बनता है। सबसे ज्यादा माँग इसी प्रोडक्ट की हो रही है। जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन ने बताया कि बिहान मार्केट में दीवाली से संबंधित सभी स्थानीय सामग्री उपलब्ध हैं। एक ही छत के नीचे सभी तरह के उत्पाद नागरिकों के लिए उपलब्ध हैं। लक्ष्मी पूजा के लिए सामग्री के साथ ही पूजा की तमाम सामग्री उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री निवास से भी मिला आर्डर
स्व-सहायता समूहों को मुख्यमंत्री निवास से भी आर्डर मिला है। पिछली दफा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की धर्मपत्नी मुक्तेश्वरी बघेल भी बिहान बाजार आई थीं और यहां के उत्पादों को खूब पसंद किया था और खूब शापिंग की थी। यहां की सामग्री की खूबसूरती और गुणवत्ता को देखते हुए इस बार भी मुख्यमंत्री निवास से आर्डर मिला है।
आर्टिफिशियल ज्वेलरी और कपड़ों का सुंदर कलेक्शन
बाजार की विशेषता यहां खूबसूरत आर्टिफिशियल ज्वेलरी का कलेक्शन है जो काफी संख्या में बिक रहे हैं। इसके अलावा कपड़ों का भी सुंदर कलेक्शन है। कपड़ों की विशेषता इस पर की गई आर्टिस्टिक डिजाइन है, जिस पर परंपरागत छत्तीसगढ़ी मोटिफ उभारे गये हैं। मोटिफ वाले रूमाल भी यहां उपलब्ध हैं। गिफ्ट आइटम भी तैयार किये गए हैं। स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि पिछली बार भी बहुत अच्छा रिस्पांस मिला था। इस बार भी बाजार में लोग बड़ी संख्या में आ रहे हैं। पिछले साल लगभग सोलह लाख रुपए की सामग्री की बिक्री बिहान बाजार में हुई थी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal