
- घाट के किनारे कलेक्टर ने किया निरीक्षण, निगम को जल्द प्रस्ताव तैयार करने दिये निर्देश
- मुक्तिधाम में चल रहे कार्यों का भी किया निरीक्षण, अंतिम चरण में हैं कार्य
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / महमरा घाट में लैंड स्केपिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य होगा। लोग इस घाट में खूबसूरत शिवनाथ नदी का नजारा लेते हुए सुकून महसूस कर सकेंगे। इसके लिए विशेष तौर पर प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा। कलेक्टर ने आज महमरा घाट के निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त हरेश मंडावी को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शाम के वक्त लोग महमरा घाट में पहुंचते हैं। ऐसा प्रोजेक्ट बनाएं जिसमें शाम के मनोरंजन के साथ ही घाट की खूबसूरती का भी लुत्फ लिया जा सके।
गौरतलब है कि शिवनाथ नदी प्रदेश की सबसे सुंदर नदियों में शामिल है। इसका चौड़ा पाट और लबालब पानी लोगों को खासा आकर्षित करता है। लैंडस्केप के बेहतर डेवलपमेंट और नई सुविधाएं शुरू करने से यहां मनोरंजन की सुविधा और बढ़ेगी। कलेक्टर ने मुक्तिधाम में चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया।
फ्यूनरल शेड में बढ़ी जगह
फ्यूनरल शेड में अब छह शवों का अंतिम संस्कार हो सकेगा। इसे अत्याधुनिक तरीके से बनाया गया है। 28 लाख रुपए की लागत से यह काम हो रहा है। अभी स्लैब और फिनिशिंग का काम बचा है। कलेक्टर ने शीघ्रता से यह कार्य पूरा करने के निर्देश दिये हैं। पुराने फ्यूनरल शेड के अव्यवस्थित होने के कारण मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे परिजनों को दिक्कत हो रही थी। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ ने बताया कि अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले लोगों के बैठने के लिए सीटिंग हाल का निर्माण भी कराया जा रहा है। इसकी लागत 19 लाख रुपए है, इसमें फिनिशिंग का काम शेष है। यह कार्य भी जल्दी पूरा हो जाएगा। मुक्तिधाम साइट डेवलपमेंट का काम भी अगले महीने आरंभ हो जाएगा। इसकी लागत 19 लाख रुपये है। इसमें सीसी रोड, क्यारियां, नाली आदि बनेंगी। साथ ही लैंड स्केपिंग का कार्य भी होगा। इसकी लागत 13 लाख रुपये होगी। इसके लिए बनने वाले बगीचे की मिट्टी भराई आदि काम शीघ्र शुरू होंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal