द सीजी न्यूज डॉट कॉम
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर राज्य अलंकरण सम्मान के लिये चयनित व्यक्तियों, संस्थाओं की घोषणा कर दी गई है। आदिवासी एवं पिछड़ा वर्ग उत्थान का शहीद वीर नारायण सिंह सम्मान जानकी प्रसाद कुलस्त (ग्राम लिम्हा, नवापारा, बिलासपुर) को दिया जाएगा। अपराध अनुसंधान के लिए पं. लखन लाल मिश्र सम्मान कुंदर लाल गौर (नेवई, थाना उतई, जिला दुर्ग) को दिया जाएगा। अहिंसा एवं गौ रक्षा का अति यतनलाल सम्मान रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर, बैडमिंटन खेल के लिए गुंडाधुर सम्मान रोहिणी साहू (खतराई जिला बिलासपुर), महिला उत्थान के लिए मिनीमाता सम्मान डॉ. कल्पना देशमुख (पंचशील नगर, जिला दुर्ग), सामाजिक चेतना/दलित उत्थान का गुरु घासीदास सम्मान पुराणिक लाल चेलक (आलबरस, थाना अण्डा, दुर्ग), सहकारिता के लिए ठाकुर प्यारेलाल सिंह सम्मान छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक, रायपुर को दिया जाएगा।
माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान से वरिष्ठ साहित्यकार मृणाल पांडे ( मध्यप्रदेश) को सम्मानित किया जाएगा। मधुकर खेर स्मृति पुरस्कार टिकेश्वर पटेल (रायपुर) को दिया जाएगा। चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पुरस्कार अंबू शर्मा, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में अंशुमन शर्मा को मिलेगा सम्मान , नंदकिशोर तिवारी को सुंदर लाल शर्मा सम्मान दिया जाएगा।


ऊर्दू भाषा के सेवा के लिए हाजी हसन अली सम्मान रौनक जमाल (न्यू आदर्श नगर, दुर्ग) को दिया जाएगा। सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक क्षेत्र में पं. रविशंकर शुक्ल सम्मान विद्या राजपूत (सरोना, जिला रायपुर), साहित्य/आंचलिक साहित्य पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान नंदकिशोर तिवारी (बिलासपुर), संगीत एवं कला का चक्रधर सम्मान प्रभंजय चतुर्वेदी (भिलाई) और सुनील तिवारी (रायपुर) को संयुक्त रूप से दिया जाएगा।
लोककला/शिल्प दाऊ मंदराजी सम्मान काशीराम साहू रतनपुर-बिलासपुर, और रेखा देवार को संयुक्त रूप से चयन किया गया है।
कृषि क्षेत्र में डॉ. खूबचंद बघेल सम्मान मुकेश चौधरी (रायगढ़), सामाजिक समरसता के लिए महाराजा अग्रसेन सम्मान सुश्री के.एम. नायडू (जिला बस्तर), दानशीलता के लिए दानवीर भामाशाह सम्मान भवानी साव रामलाल साव धर्मादा ट्रस्ट (मुंगेली), मछली पालन के लिए बिलासा बाई केंवटीन पुरस्कार अनिल कुमार साहू (धमधा, दुर्ग), संस्कृत भाषा के लिए संस्कृत भाषा सम्मान डॉ. तोयनिधि वैष्णव, (रायपुर) को दिया जाएगा। आदिवासी सेवा और उत्थान के लिए डॉ. भंवरसिंह पोर्ते सम्मान जमगो रायतार समाज कल्याण समिति छत्तीसगढ़ को दिया जाएगा।श्रम कल्याण के लिए महाराजा रामानुज प्रताप सिंहदेव सम्मान संयुक्त रूप से एनटीपीसी कोरबा और प्रसेनजीत साहा, वी.जनार्दन राव, रामलाल, दीपक कुमार पंडित को दिया जाएगा। बुनकर कला के लिए बिसाहू दास महंत पुरस्कार सुनील कुमार (जांजगीर-चांपा) राजाराम देवांगन (जांजगीर-चांपा), तुकाराम देवांगन और श्रीराम देवांगन को संयुक्त रूप से दिया जाएगा।
बुनकर कला के लिए ही राज राजेश्वरी करूणामाता हाथकरघा प्रोत्साहन पुरस्कार राजेश कुमार देवांगन (बिलाईगढ़-बलौदाबाजार-भाटापारा), और टीकाराम देवांगन पेंड्रावन-बिलाईगढ़-भाटापारा को संयुक्त रूप से दिया जाएगा। प्रदर्शनकारी लोककला के लिए देवदास बंजारे पुरस्कार हृदयप्रकाश अनंत (पामगढ-जांजगीर) को दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को शाम 6 बजे राजधानी रायपुर के साईंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य अलंकरण एवं राज्योत्सव समापन समारोह की मुख्य अतिथि होंगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal