
जीई रोड का हाल-बेहाल

स्टेशन रोड भी खस्ताहाल
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
शहर की सड़कों की खस्ताहालत पर विधायक अरुण वोरा ने फिर कड़ी नाराजगी जताई है। वोरा ने आज सुबह-सुबह सड़कों का निरीक्षण करते हुए पीडब्लूडी अफसरों से कड़े शब्दों में कहा कि कल 10 नवंबर को शहर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आगमन होगा। मुख्यमंत्री के साथ आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव पीएल पुनिया सहित अन्य केंद्रीय नेता भी दुर्ग में होने वाली बैठक में शामिल होंगे। जीई रोड और स्टेशन रोड पूरी तरह ऊबड़खाबड़ हो चुकी हैं। वोरा ने सवाल किया कि आखिर सड़क की मरम्मत कब कराई जाएगी ? वोरा की फटकार के बाद हड़बड़ाए अफसरों ने कहा कि जीई रोड का डामरीकरण आज ही शुरू कर दिया जाएगा।

अफसरों ने बताया कि सुबह 10 बजे से जीई रोड पर डामरीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि कल भिलाई में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर 3 बजे दुर्ग आएंगे। वे राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन का कार्यक्रम रविवार को ही तय हो गया था। इसकी खबर पीडब्लूडी अफसरों को दी जा चुकी थी, लेकिन पीडब्लूडी अफसर लापरवाही की नींद में सोते रहे।
सीएम के आगमन का कार्यक्रम तय होने से पहले पीडब्लूडी अफसरों ने 1 नवंबर से डामरीकरण और पैचवर्क कराने की जानकारी दी थी, लेकिन दिवाली से पहले काम शुरू नहीं किया गया। आम जनता को ऊबड़खाबड़ सड़क पर दिवाली की खरीदारी करने की समस्या झेलना पड़ा। मुख्यमंत्री के आगमन से ठीक एक दिन पहले अब आनन-फानन में डामरीकरण शुरू किया जा रहा है। वोरा ने कहा है कि जीई रोड के अलावा स्टेशन रोड की मरम्मत का काम भी तत्काल कराया जाना चाहिए। सड़क पर गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। आम जनता की परेशानी को ध्यान में रखते हुए स्टेशन रोड के डामरीकरण या पैचवर्क का कार्य तत्काल शुरू कराया जाना चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal