- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में होगा समापन समारोह, राज्य अलंकरण से सम्मानित होंगी प्रदेश की प्रतिभाएं
- पद्मश्री उषा बारले की प्रस्तुति और प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य के गीतों से सजेगी राज्योत्सव की अंतिम शाम
- शिल्पग्राम में पंथी नृत्य, आदिवासी लोकसंगीत, कथक, भजन और नाट्य प्रस्तुतियों सहित दस सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र
THE CG NEWS
रायपुर। छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, समृद्ध लोकपरंपराओं और कला-संगीत के विविध रंगों से सजे तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का भव्य समापन 3 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में होगा। समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।

इस अवसर पर राज्य अलंकरण समारोह का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। राज्योत्सव के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककलाओं, शास्त्रीय नृत्य, आदिवासी संस्कृति और बॉलीवुड संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
राज्योत्सव के समापन दिवस पर मुख्य मंच के साथ ही शिल्पग्राम में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष श्रृंखला आयोजित की जाएगी। राज्योत्सव के अंतिम दिन 3 नवंबर को आयोजित समापन समारोह विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में प्रदेश की विभिन्न विधाओं और क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
राज्य अलंकरण समारोह छत्तीसगढ़ की उन प्रतिभाओं के सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर होगा, जिन्होंने अपनी साधना, परिश्रम, सृजनशीलता और उत्कृष्ट कार्यों से प्रदेश को गौरवान्वित किया है। यह सम्मान कला, संस्कृति, साहित्य और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित करने वाली प्रतिभाओं के योगदान को रेखांकित करने के साथ नई पीढ़ी को प्रेरणा भी प्रदान करेगा।
पद्मश्री उषा बारले की प्रस्तुति से गूंजेगा राज्योत्सव का मुख्य मंच
राज्योत्सव के अंतिम दिन मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। शाम 6 से 6.30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। इसके बाद शाम 6.30 से 7 बजे तक छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध कलाकार पद्मश्री सुश्री उषा बारले अपनी विशिष्ट प्रस्तुति से दर्शकों को प्रदेश की आध्यात्मिक और लोक संस्कृति से परिचित कराएंगी।
शाम 7 बजे से राज्य अलंकरण समारोह
मुख्य मंच पर शाम 7 बजे से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश की प्रतिभाओं को उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। राज्य अलंकरण समारोह के पश्चात रात 9 बजे से बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य अपनी लोकप्रिय संगीतमय प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
शिल्पग्राम में दस सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगा अंतिम दिन
राज्योत्सव के अंतिम दिन शिल्पग्राम मंच पर भी छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और शास्त्रीय कलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होने वाले कार्यक्रमों में प्रदेश के विभिन्न जिलों के कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। शिल्पग्राम में कुल दस सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें पंथी नृत्य, आदिवासी लोकसंगीत, कथक, भजन, सूफी संगीत, लोकमंच और नाट्य विधाओं का समावेश रहेगा।
रायपुर की आस्था भट्ट भजन गायन, दुर्ग की श्रीमती आरती बारले पंथी नृत्य, कबीरधाम के राकेश सेन अपनी लोकमंच प्रस्तुति देंगे। रायपुर के दिनेश कुमार जांगड़े पंथी नृत्य प्रस्तुत करेंगे। पूर्णिमा साहू जसगीत एवं जगराता भजनों की प्रस्तुति देंगी।
आदिवासी लोकसंगीत, कथक और सूफी गायन का अनूठा संगम
शिल्पग्राम में अभिषेक सोनकर की आदिवासी लोकसंगीत एवं नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। शास्त्रीय नृत्य की श्रृंखला में दीपाली पाण्डेय कथक समूह नृत्य प्रस्तुत करेंगी। अनुष्णा रॉय चौधरी की कथक प्रस्तुति भारतीय शास्त्रीय नृत्य की सुंदरता और भावाभिव्यक्ति से दर्शकों को परिचित कराएगी। संगीत की विविध विधाओं में वृद्धुमन वचस्पति भारती सूफी संगीत की प्रस्तुति देंगे। इसके अतिरिक्त आनंदकुमार पाण्डेय की नाट्य प्रस्तुति भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण होगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
