
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग / कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आज कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बद्रीनारायण मीणा ने इस संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति के संबंध में पूर्व में निर्देश जारी किये गये थे। हर मंगलवार को इसकी समीक्षा की जाएगी। कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति की सतत मानिटरिंग करें। क्षेत्र के समाज प्रमुखों और जनप्रतिनिधियों से इसके लिए मदद लें। आपस में अच्छे समन्वय से अप्रिय स्थितियों को आसानी से टाला जा सकता है। कलेक्टर ने कहा कि दुर्ग जिला शांतिप्रिय जिला रहा है। हमेशा से यहां सौहार्दपूर्ण वातावरण रहा है। इस सुंदर व्यवस्था के चलते ही जिला विकास की राह पर सतत रूप से बढ़ा है। पुलिस और प्रशासन की पहल और अच्छी नागरिक भागीदारी के साथ यह वातावरण और मजबूत होगा।
कलेक्टर ने कहा कि सोशल मीडिया मानिटरिंग सेल भी आपत्तिजनक सामग्रियों पर नजर रखेगा। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों के संबंध में लगातार फीडबैक लेते रहें। अगर इस बात की पुख्ता जानकारी मिलती है कि विद्वेषपूर्ण भावना के अंतर्गत समाज विरोधी कार्य किया जा रहा है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एसपी बद्रीनारायण मीणा ने कहा कि क्षेत्र के समाज प्रमुखों से नियमित रूप से बैठक लेते रहें। नागरिक भागीदारी से और भी अच्छा माहौल बनेगा और अराजक तत्व हतोत्साहित होंगे। किसी भी समस्या के पनपने से पहले उसे प्रारंभिक स्तर पर ही हल करना जरूरी है। हर सप्ताह होने वाली बैठक में सप्ताह भर के इनपुट्स पर चर्चा की जाएगी। बैठक में चिटफंड वाले मामलों पर भी तेजी से कार्रवाई करने के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal