
प्रदेश के डीजीपी डीएम अवस्थी को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर आईपीएस अशोक जुनेजा को छत्तीसगढ़ के नए डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस ( डीजीपी ) की कमान सौंप दी गई है। आईपीएस अशोक जुनेजा 89 बैच के अधिकारी है। डीजीपी डीएम अवस्थी को करीब 3 साल होने वाले हैं। 19 दिसंबर 2018 को डीजीपी पद की कमान संभाली थी। हाल ही में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस महकमे की मैराथन बैठक के दौरान पुलिस विभाग के कामकाज को लेकर सख्त नाराजगी जताई थी।
समीक्षा बैठक में चिटफंड के पीड़ितों की रकम वापसी और एजेंट्स के विरुद्ध केस वापसी के मामले में उनकी भूमिका से मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। निर्दोष आदिवासियों के खिलाफ दर्ज नक्सली मामलों को वापस लेने, राजनीतिक प्रकरणों की वापसी और पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने के मामलों में भी उनकी भूमिका से मुख्यमंत्री खुश नहीं थे।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री बघेल ने चिट फंड कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर जवाब मांगा। सीएम ने सवाल किया कि इन कंपनियों से जब्त की गई रकम कहां है और इनमें से कितनी राशि पीड़ितों को वापस की गई है। चिट फंड घोटाले के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए स्पेशल टीम बनी है या नहीं, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आज सरकार ने उन्हें पद से हटाने का फैसला कर लिया। दिसंबर, 2018 में भूपेश बघेल की सरकार ने शपथ लेने के दो दिन बाद डीएम अवस्थी को डीजीपी बनाया था। इससे पहले वे नक्सल अभियान के विशेष महानिदेशक थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal